
इंदौर। नगर निगम (municipal Corporation) ने मृत्यु प्रमाण-पत्र के मामले में एक अच्छी पहल की है और बिना आवेदन के ही घर-घर शोक संदेश के साथ ये मृत्यु प्रमाण-पत्र पहुंचाए जा रहे हैं। अभी तक 600 से ज्यादा प्रमाण-पत्र घर भिजवाए जा चुके हैं। 52 श्मशान और कब्रिस्तानों से निगमकर्मी रोजाना जानकारी एकत्रित करते हैं।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव (Mayor Pushyamitra Bhargava) की पहल पर यह नई सुविधा शुरू की है। वरना लोगों को आवेदन के साथ चक्कर भी लगाना पड़ते हैं। महापौर श्री भार्गव ने कल मीडिया से चर्चा करते हुए इस नई सुविधा की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि शोक संदेश के साथ मृत्यु प्रमाण-पत्र तीन दिन में घर पहुंचा दिए जाते हैं और इसके लिए कोई आवेदन भी नहीं करना पड़ता है। वहीं निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अखिलेश उपाध्याय से पूछने पर उन्होंने बताया कि शहर में जो 52 श्मशान और कब्रिस्तान मौजूद हैं वहां से रोजाना निगमकर्मी मृतकों की जानकारी हासिल करते हैं और फिर प्रमाण-पत्र बनाकर सीआईएस के जरिए उसे घर भिजवा दिया जाता है। 1 तारीख से शुरू की गई इस सुविधा के चलते अभी तक 600 से अधिक मृत्यु प्रमाण-पत्र घर भिजवा दिए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved