
एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा फ्लाइट निरस्त किए जाने से नाराज यात्रियों ने किया हंगामा
इंदौर। इंदौर (Indore) से बेंगलुरु (Bengaluru) जाने वाले यात्रियों को कल भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। एयर इंडिया एक्सप्रेस (Air India Express) का बेंगलुरु से इंदौर आकर वापस बेंगलुरु जाने वाला विमान (plane) इंदौर में उतरते ही बिगड़ गया। टायर (Tires) में खराबी के कारण फ्लाइट को निरस्त (flight cancelled) कर दिया गया, जिससे नाराज यात्रियों ने एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा किया। वहीं दूसरी ओर दिल्ली में खराब मौसम के कारण कई उड़ानें लेट रहीं।
विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (आईएक्स-1451/1454) सुबह 9.20 बजे बेंगलुरु से इंदौर आकर 9.50 बजे वापस बेंगलुरु जाती है। कल यह फ्लाइट अपने तय समय से 25 मिनट पहले सुबह 8.55 बजे इंदौर पहुंची, लेकिन विमान के लैंड होते ही इसके टायर में खराबी आ गई। विमान से यात्रियों को सुरक्षित उतारने के बाद तुरंत विमान की जांच की गई। इसमें विमान का टायर बदलने के साथ ही इससे जुड़े कुछ पुर्जों को भी बदलने की जरूरत सामने आई। इसमें ज्यादा समय लगता देख कंपनी ने इस फ्लाइट को निरस्त करने की घोषणा कर दी। इस फ्लाइट के बाद दोपहर 3 बजे तक इंदौर से बेंगलुरु जाने के लिए कोई फ्लाइट मौजूद नहीं थी। 3 बजे जाने वाली फ्लाइट भी इंडिगो की थी। इस पर कंपनी ने खराबी की बात बताते हुए यात्रियों को रिफंड और रीबुकिंग का विकल्प देते हुए शांत किया।
दिल्ली में खराब मौसम के कारण तीन घंटे से ज्यादा लेट हुई फ्लाइट
सुबह के बाद कल शाम को भी एयर इंडिया एक्सप्रेस के यात्री परेशान हुए। शाम 7.25 बजे दिल्ली से इंदौर आकर 7.55 बजे वापस दिल्ली जाने वाली फ्लाइट कल रात 10.25 बजे आकर 11.40 बजे रवाना हुई। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में खराब मौसम के चलते फ्लाइट लेट हुई। दिल्ली के मौसम के कारण दिल्ली से अन्य शहरों को होकर इंदौर आने वाली फ्लाइट भी लेट हुई। इनमें पुणे व हैदराबाद की फ्लाइट भी शामिल थी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved