
- आईफोन पहुंचा जलाधारी तक, चांदी द्वार की देहरी से बनाई रील
उज्जैन। मोबाइल फोटोग्राफी पर प्रतिबंध, आम श्रद्धालुओं के लिए सख्त पहरा, लेकिन रीलबाज के लिए सारे नियम बेमानी! महंगे आईफोन को भगवान महाकाल की जलाधारी में रखवाया, फिर चांदी द्वार की देहरी से बनाई रील और सोशल मीडिया पर कर दी वायरल। भगवान महाकाल के दरबार में आम श्रद्धालुओं के लिए नियमों की लंबी फेहरिस्त है। मोबाइल से फोटो खींचना और वीडियो बनाना प्रतिबंधित है।
मंदिर के भीतर सुरक्षा और अनुशासन के नाम पर सख्ती का दावा भी किया जाता है, लेकिन एक रीलबाज ने मंदिर की पूरी व्यवस्था को ही आईना दिखा दिया। मोबाइल पर प्रतिबंध के बावजूद उसने न केवल मंदिर के भीतर रील बनाई, बल्कि अपने नए महंगे आईफोन को चालू करने से पहले भगवान महाकाल की जलाधारी में रखवाने का वीडियो भी तैयार कर लिया। हद तो तब हो गई, जब चांदी द्वार की देहरी से रील बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया। जिस स्थान तक आम श्रद्धालुओं का पहुंचना भी आसान नहीं है, वहां से रील बनाने का कारनामा मंदिर की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। आखिर प्रतिबंधित मोबाइल मंदिर के भीतर कैसे पहुंचा? किसकी अनुमति से आईफोन जलाधारी तक ले जाया गया? चांदी द्वार की देहरी से वीडियो बनाने की छूट किसने दी? या फिर मंदिर में तैनात जिम्मेदारों की नजरों के सामने ही नियमों की धज्जियां उड़ती रहीं? महाकाल मंदिर प्रबंध समिति मोबाइल फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर प्रतिबंध लगाकर श्रद्धालुओं को लगातार नियमों का पालन करने की हिदायत देती है। आम श्रद्धालु से मोबाइल मिलने पर पूछताछ और रोक-टोक की जाती है, लेकिन इस मामले में रीलबाज ने प्रतिबंध को खुलेआम चुनौती दे दी। यह मामला केवल एक व्यक्ति के रील बनाने का नहीं है, बल्कि मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंध समिति की कार्यप्रणाली पर भी सवाल है। जब एक व्यक्ति सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए मंदिर के भीतर इस तरह की गतिविधि कर सकता है तो प्रतिबंध और निगरानी के दावों की हकीकत क्या है? मंदिर समिति की सख्ती क्या केवल आम श्रद्धालुओं तक सीमित है? भगवान महाकाल का दरबार आस्था का केंद्र है, सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने का मंच नहीं। समिति को इस मामले में केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि यह पता लगाना चाहिए कि प्रतिबंधित मोबाइल भीतर कैसे पहुंचा, रील बनाने की अनुमति किसने दी और जिम्मेदार कर्मचारियों की भूमिका क्या रही। नियम सभी के लिए समान होने चाहिए, अन्यथा मंदिर में सख्ती के दावे महज दिखावा बनकर रह जाएंगे। सबसे बड़ा सवाल: आम श्रद्धालुओं के लिए नियमों का कठोर पालन और सोशल मीडिया रील बनाने वालों के लिए इतनी ढिलाई क्यों? मंदिर समिति को इस दोहरे रवैये पर जवाब देना चाहिए।