
नई दिल्ली। जापान (Japan) के ओसाका (Osaka ) में आयोजित वर्ल्ड एक्सपो (World Expo) 2025 में भारत मंडप को दुनियाभर के शीर्ष पांच मंडपों में शामिल किया गया है। यह मंडप इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र की तरफ से संस्कृति मंत्रालय के निर्देशन में तैयार किया गया है।
बता दें कि ओसाका एक्सपो 13 अक्तूबर 2025 तक चलेगा, जिसमें 160 से अधिक देश भाग ले रहे हैं। भारत मंडप (Bharat Mandap) ने अपनी सांस्कृतिक विविधता, तकनीकी उन्नति और आधुनिकता के संगम से अंतरराष्ट्रीय दर्शकों का ध्यान खींचा है।
मंडप में नवाचार, इसरो, आयुर्वेद, विरासत और सतत विकास जैसे विषयों को दर्शाया गया है। पैवेलियन में गरबा वर्कशॉप, योग सत्र, पारंपरिक परिधानों का प्रदर्शन और प्रामाणिक भारतीय व्यंजन आगंतुकों को आकर्षित कर रहे हैं।
भारत मंडप की केंद्रीय थिम अजंता की गुफाओं से प्रेरित पद्मपाणि बोधिसत्व की छवि है, जो भारत की करुणा और ज्ञान परंपरा का प्रतीक है। आईजीएनसीए के सदस्य सचिव डॉ. सच्चिदानंद जोशी ने इसे भारत की सांस्कृतिक कूटनीति का सशक्त माध्यम बताया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved