बरेली । यूपी के बरेली (Bareilly of UP) में एक दुल्हन इंतजार करती रह गई। दूल्हा बारात लेकर नहीं आया। जबकि 5 दिन पहले ही यह लड़का, प्रेम प्रसंग (love affair) में लड़की को अपने साथ ले गया था। लड़की के घरवालों द्वारा पुलिस को तहरीर देने के बाद दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई।
पंचायत में प्रेमी के परिवारवाले दोनों का निकाह कराने को तैयार हो गए। बुधवार को प्रेमी को बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचना था, लेकिन वह बारात लेकर नहीं आया। लड़की इंतजार करती रही। लड़की पक्ष ने लड़के और उसके पिता के खिलाफ थाना नवाबगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बरेली के नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली लड़की का हाफिजगंज थाना क्षेत्र के हरहरपुर मटकली गांव के सलमान से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पांच दिन पहले वह उसे अपने साथ ले गया था। जिसकी जानकारी होने पर लड़की के घरवाले परेशान हो गए। उन्होंने काफी खोजबीन के बाद लड़के के खिलाफ थाना नवाबगंज में तहरीर दी थी।
मंगलवार को दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई। इस दौरान लंबी बातचीत के बाद प्रेमी के परिवारीजन ने दोनों का निकाह कराने के लिए राजी हो गए थे। दोनों पक्षों की सहमति से तय हुआ कि बुधवार को प्रेमी बारात लेकर उसके घर आएगा। इसके बाद लड़की वाले शादी की तैयारियों में जुट गए। बुधवार को शादी होनी थी। प्रेमिका दुल्हन बनी थी। प्रेमी को दूल्हा बनकर बारात लेकर आना था।
लड़की के घर पर उसके परिवारवालों ने बारात के स्वागत की सभी तैयारियां कर ली थीं। युवती हाथों में मेहंदी सजाए दुल्हन बारात आने का इंतजार करती रही लेकिन दूल्हा बारात लेकर नहीं पहुंचा। इससे दुल्हन और दुल्हन के घरवाले बुरी तरह दुखी और निराश हो गए। शादी के लिए घर पर आए मेहमान भी लौट गए। इसके बाद लड़की के घरवाले थाने पहुंचे। लड़की की भाभी की ओर से घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उनकी ओर से आरोपी सलमान और उसके पिता तसब्बर शाह के खिलाफ थाना नवाबगंज में केस दर्ज कराया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved