मुंबई। बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार और परेश रावल (Akshay Kumar-Paresh Rawal) की साल 2012 में आई फिल्म OMG सुपरहिट रही थी। फिल्म की कहानी एक ऐसे नास्तिक इंसान के बारे में थी, जो दिल का तो नेक है, लेकिन ईश्वर में नहीं मानता। इसीलिए जब एक हादसे में उसकी दुकान चली जाती है, तो वह भगवान के ऊपर केस कर देता है। फिल्म में अक्षय कुमार ने भगवान श्रीकृष्ण का किरदार निभाया था जिसे खूब पसंद किया गया। लेकिन क्या आप जानते हैं कि पहले अक्षय कुमार यह रोल करने ही नहीं वाले थे। उन्हें एक डर खाए जा रहा था, जिसके चलते उन्होंने यह फिल्म रिजेक्ट कर दी थी।
अक्की को सता रहा था इस बात का डर
दरअसल अक्षय कुमार को यह डर खाए जा रहा था कि शायद ही लोग उन्हें भगवान के किरदार में स्वीकार करेंगे। लेकिन अक्षय कुमार को ऐसा क्यों लग रहा था? इस सवाल का जवाब फिल्म के निर्देशक ने खुद एक इंटरव्यू में दिया था। उमेश कुमार ने एक इंटरव्यू में बताया, “अक्षय सर करने ही नहीं वाले थे भगवान का रोल। असल में OMG आई उससे एक-दो साल पहले ही ‘गॉड तुस्सी ग्रेट हो’ करके एक फिल्म आई थी, जिसमें अमिताभ बच्चन ने भगवान का किरदार निभाया था।”
अक्षय कुमार ने फिल्म के निर्देशक से कहा, “अगर बच्चन साहब भगवान के किरदार में वर्क नहीं कर रहे हैं तो मेरी इमेज तो बहुत हंसी मजाक वाली है।” इस पर डायरेक्टर ने अक्षय कुमार को उनका आइडिया दिखाया कि वो भगवान को किस तरह दिखाना चाह रहे हैं। उमेश कुमार ने अक्की को समझाया कि वो भगवान को आज की दुनिया में रहने वाले एक ऐसे अवतार में देख रहे हैं, जिसमें वो जींस-शर्ट और कोट पहनते हैं। अक्षय कुमार को यह आइडिया पसंद आया और वो राजी हो गए।
सुपरहिट रही फिल्म, आया था दूसरा पार्ट
बता दें कि इस फिल्म के मामले में अक्षय कुमार का अंदाजा गलत साबित हुआ था, क्योंकि फिल्म OMG का बजट 20 से 25 करोड़ के बीच रहा था और इसने बॉक्स ऑफिस पर 150 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था। यह फिल्म लोगों को इतनी पसंद आई थी कि इसका दूसरा पार्ट भी आया था। दूसरे पार्ट को भी दर्शकों ने खूब पसंद किया था। फिल्म के दूसरे पार्ट में अक्षय कुमार महादेव का किरदार निभाते नजर आए थे।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved