
मुंबई। समाजवादी पार्टी की महाराष्ट्र यूनिट के अध्यक्ष अबू आसीम आजमी ने बुधवार को मुंबई में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि आगामी बृहन्मुंबई महानगरपालिका यानी कि BMC चुनाव में उनकी पार्टी पूरी तरह अकेले लड़ेगी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का कांग्रेस समेत किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं होगा। आजमी ने कहा, ‘महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की तरह ही मुंबई BMC चुनाव में भी समाजवादी पार्टी अकेले मैदान में उतरेगी। कांग्रेस पार्टी आखिरी मौके पर हमारे साथ धोखा करती है। आखिरी वक्त पर फैसला बदल देती है। इसलिए अब हम किसी पर भरोसा नहीं करेंगे।’
अबू आजमी ने कहा कि BMC की कुल 227 सीटों में से समाजवादी पार्टी करीब 150 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। उन्होंने कहा, ‘यह फैसला पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से विचार-विमर्श करके ही लिया गया है। कांग्रेस अल्पसंख्यकों के लिए कुछ नहीं करती। उसे उसके घमंड ने डुबो दिया है। पार्टी में लीडरशिप की भारी कमी है।’ बता दें कि महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में BMC चुनावों को लेकर हलचल तेज हो गई है और अलग-अलग सियासी दल अपने-अपने समीकरण बैठाने की कोशिश कर रहे हैं।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved