
मुंबई । महाराष्ट्र सरकार (Maharashtra Government) ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) से अनुरोध किया है कि उपमुख्यमंत्री अजित पवार (Ajit Pawar) के जनवरी में हुए विमान हादसे की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) द्वारा कराई जाए। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (CM Devendra Fadnavis) ने रविवार को यह जानकारी दी।
बजट सत्र की पूर्व संध्या पर संवाददाता सम्मेलन में फडणवीस ने कहा कि “महायुति” सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि विमान दुर्घटना से जुड़े सभी संदेह दूर हों। उन्होंने बताया कि राकांपा से उन्हें पत्र मिला था, जिसमें सीबीआई जांच की मांग की गई थी। इसके बाद फडणवीस ने गृह मंत्री अमित शाह से बात की। डीजीसीए (नागर विमानन महानिदेशालय) और राज्य सीआईडी की जांच के साथ-साथ सीबीआई भी इस घटना की जांच करेगी।
हादसा 28 जनवरी को पुणे जिले में बारामती के पास हुआ था, जब अजित पवार का विमान उतरने का प्रयास करते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हुई थी।
भतीजे ने उठाए सवाल
अजित पवार के भतीजे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) नेता रोहित पवार ने विमान हादसे की परिस्थितियों पर कई संदेह जताए थे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मांग की थी कि घटना की जांच पूरी होने तक नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू को इस्तीफा देना चाहिए। रोहित पवार ने विमान संचालक कंपनी VSR और मंत्री नायडू के कथित संबंधों पर भी सवाल उठाए।
फडणवीस का बयान
फडणवीस ने कहा कि डीजीसीए VSR कंपनी का ऑडिट कर रहा है और सभी ‘लॉगबुक’ की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा, “हमें जांच रिपोर्ट का इंतजार करना होगा और अटकलों से बचना चाहिए। जांच संबंधित प्राधिकरण द्वारा की जाएगी।” उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि सभी राजनीतिक नेताओं की सुरक्षा के लिए जांच बेहद महत्वपूर्ण है और उन्होंने कई बार खुद VSR विमान से यात्रा की है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved