
उज्जैन। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के बैतूल जिले (Betul district) में प्यार में पागल एक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए स्कूटर (Scooter) चलाकर करीब 370 किलोमीटर दूर स्थित उज्जैन (Ujjain) पहुंचा और वहां उसके घर पहुंचकर खुद को गोली मारकर जान दे दी। इस दौरान उसने प्रेमिका की दीदी और जीजा को कमरे में बंद कर दिया था। बताया जा रहा है कि लड़की उससे बात नहीं कर रही थी और वह उससे एकबार बात करने की जिद कर रहा था। लड़की के ना मानने पर उसने यह कदम उठा लिया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भागकर आए और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई। मृतक की पहचान बैतूल जिले के सारणी में रहने वाले निखिल आहके के रूप में हुई है।
बंगाली कॉलोनी में हुई घटना
यह घटना शनिवार शाम को उज्जैन के नीलगंगा थाना क्षेत्र की बंगाली कॉलोनी में हुई। निखिल का युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था और वह अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने के लिए ही बैतूल के सारणी से यहां पहुंचा था। युवती दो दिन पहले ही अपने जीजा के घर उज्जैन आई थी। निखिल से बातचीत नहीं हो पा रही थी। इसी वजह से निखिल टेंशन में आ गया था। उसकी परेशानी का आलम यह था कि वह करीब 350 किलोमीटर बैतूल से स्कूटी चलाकर शनिवार को उज्जैन पहुंचा था। हालांकि यहां आने के बाद उसने पिस्तौल से खुद को गोली मार ली।
बड़ी बहन के घर आई थी युवती
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले कुछ दिनों से प्रेमिका उससे बात नहीं कर रही थी, इसलिए उससे मिलने के लिए युवक लड़की की दीदी के घर पहुंच गया। इसी दौरान उसने खुद को सीने में गोली मार ली। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने युवक की लाश को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया और फिलहाल यह पता लगा रही है कि मृतक के पास वह हथियार कहां से आया था और यह कदम उसने किन परिस्थितियों में उठाया।
घर के आंगन में जाकर की खुदकुशी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार युवक निखिल शनिवार शाम करीब 5.30 से 6 बजे के बीच अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने बंगाली कॉलोनी पहुंचा था। इस दौरान घर में उस समय युवती के अलावा उसकी बड़ी बहन और जीजा विनय गायनी, उनकी साली और एक बच्चा मौजूद था। निखिल घर में घुसा। इसके बाद उसने विनय की पत्नी और बच्चे को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद वह घर के आंगन में चला गया।
लड़की ने बात नहीं की तो मार ली गोली
विनय की पत्नी ने बताया कि घर में घुसते ही निखिल ने कहा, आपकी बहन मुझसे बात नहीं कर रही, उससे कहो मुझसे बात करे। इस पर युवती ने अपनी बहन से उसे वापस जाने के लिए कहने को कहा। इसी बीच कुछ ही देर बाद निखिल अहाते में गया और अपने साथ लाई पिस्टल से खुद के सीने में गोली मार ली। जिसके बाद गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। इस दौरान युवक वहां लहूलुहान हालत में पड़ा था। आसपास के लोगों ने फौरन पुलिस को सूचना दी।
सीएसपी दीपिका शिंदे ने बताया कि नीलगंगा थाना प्रभारी तरुण कुरील और उनकी टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि निखिल के पास हथियार कैसे आया। उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। साथ ही अन्य बातों को लेकर भी मामले की जांच जारी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved