
उमरिया। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के उमरिया जिले (Umaria District) के नौरोजाबाद नगर में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब गैस सिलेंडर लेने के लिए कतार में खड़े लोगों पर अचानक मधुमक्खियों (Honeybees) के झुंड ने हमला कर दिया। शांत माहौल में चल रही वितरण प्रक्रिया कुछ ही पलों में भगदड़ में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सहकारी समिति के गोदाम के पास एक बड़ा मधुमक्खी का छत्ता लगा हुआ था। अचानक किसी वजह से छत्ते में हलचल हुई और हजारों मधुमक्खियां बाहर निकल आईं। देखते ही देखते उन्होंने लाइन में खड़े लोगों पर हमला बोल दिया, जिससे वहां मौजूद लोग घबरा गए।
हमले के दौरान लोगों ने खुद को बचाने के लिए तुरंत गमछे और कपड़ों से चेहरा ढक लिया। कई लोग अपने सिलेंडर वहीं छोड़कर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मौके की अफरा-तफरी साफ देखी जा सकती है।
मधुमक्खियों के डंक से घायल हुए कई लोगों को नौरोजाबाद के रीजनल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, मरीजों को सूजन और दर्द की शिकायत थी। सभी को प्राथमिक उपचार और दवाइयां देने के बाद घर भेज दिया गया है। फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन घटना के बाद इलाके में कुछ समय तक दहशत का माहौल बना रहा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved