
नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) रामलला के ‘सूर्य तिलक’के साक्षी बने (Witnessed the ‘Surya Tilak’ of Ram Lalla) ।
देशभर में भगवान श्री राम के जन्मोत्सव की धूम रही । इस दौरान अयोध्या में हर्षोल्लास से रामनवमी का पर्व बड़े धूमधाम के साथ मनाया गया । इस अवसर पर भव्य राम मंदिर में रामलला का सूर्य तिलक हुआ, जिसे देखकर भक्तों में बेहद खुशी और भक्ति का माहौल था । रामलला का ललाट लगभग 4 मिनट ‘सूर्य तिलक’ से जगमगा उठा। रामलला के ‘सूर्य तिलक’ का टीवी पर सीधा प्रसारण खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आवास पर भी देखा। इस मौके पर पीएम मोदी ने तालियां भी बजाईं।
अब इसकी तस्वीरें और वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पीएम मोदी ने अपने आवास पर रामलला के ‘सूर्य तिलक’ का दिव्य और भव्य नजारे का सीधा प्रसारण टीवी पर देखा। इस दौरान उन्होंने रामलला की हाथ जोड़कर पूचा-अर्चना भी की। यह पहली बार नहीं है जब पीएम मोदी इस दिव्य पल के साक्षी बने हैं। इससे पहले साल 2024 में जब प्रधानमंत्री मोदी असम में एक रैली को संबोधित करने जा रहे थे, तब भी उन्होंने समय निकालकर रामलला के सूर्य तिलक के अलौकिक नजारे का सीधा प्रसारण हेलीकॉप्टर से टैबलेट के माध्यम से देखा था।
बता दें कि अयोध्या में दोपहर 12 बजे अभिजीत मुहूर्त में रामलला का सूर्य तिलक किया गया। इस दौरान भगवान के ललाट पर सूर्य किरणें पड़ीं और इसके साथ ही रामलला का जन्म भी हुआ। इस दौरान 14 पुजारी गर्भगृह में मौजूद रहे और सूर्य तिलक के बाद आरती हुई। थोड़ी देर के लिए रामलला का पट भी बंद किया गया, वहीं सुबह से ही अयोध्या में श्रद्धालुओं का तांता देखने को मिला। लोग दूर-दराज के इलाकों से आए हैं ताकि वे इस धार्मिक अनुष्ठान का हिस्सा बन सकें। सुबह-सुबह पवित्र स्नान करने के बाद भक्त रामलला के दर्शन के लिए मंदिर में उमड़ पड़े। सुबह से ही लोग कतारबद्ध होकर भगवान राम के दर्शन का इंतजार कर रहे थे। पूरा शहर भक्ति और उत्साह के माहौल में ‘जय श्री राम’ के जयकारे से गुंजायमान रहा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved