
इन्दौर। प्रदेश (state) में शराब दुकानों (Liquor shops) की नीलामी (auction) का आज आखिरी दिन है। कल से नए वित्तीय वर्ष (Financial Year) के साथ ही नए ठेके भी लागू हो जाएंगे। दुकानों के लिए बढ़ाई गई 20 प्रतिशत कीमत को कम करने के बाद भी अब भी प्रदेश की करीब 745 दुकानों को खरीदार नहीं मिले हैं। इनमें इंदौर की भी 14 दुकानें शामिल हैं। बची हुई सभी दुकानों की नीलामी के लिए अब सरकार ने न्यूनतम बोली की सीमा को खत्म कर दिया है। आज होने वाली नीलामी में व्यापारी दुकानों के लिए कोई भी कीमत लगा सकेंगे, इनमें से जो सर्वाधिक होगी उस पर दुकान को नीलाम किया जाएगा।
उल्लेखनीय की मध्य प्रदेश सरकार ने नई आबकारी नीति 2026-27 के तहत प्रदेश की सभी 3553 शराब दुकानों को नीलाम करने के लिए इनकी कीमत 20 प्रतिशत बढ़ाई थी। नीलामी के 9 चरण हो जाने के बाद भी अब भी 745 दुकानें जो कुल दुकानों का 21 प्रतिशत है, नहीं बिक पाई है, जबकि सरकार ने आखिरी चरण में दुकानों की कीमत पिछले वर्ष से भी कम कर दी थी। आज नीलामी के लिए आखिरी दिन है। इसे देखते हुए सरकार में अब न्यूनतम बोली की सीमा खत्म कर दी है। पहले जहां व्यापारी तय कीमत से 20 प्रतिशत कम पर बोली लगा सकते थे, वहीं अब व्यापारी अपने हिसाब से कितनी भी कम बोली लगा सकते हैं। इस आधार पर मिले टेंडर को आज दोपहर 2 बजे खोला जाएगा। अधिकारियों को उम्मीद है कि आज सभी बची हुई दुकानें नीलाम हो जाएंगी। पिछले साल भी आखिरी चरण में दुकानें तय कीमत से 35 प्रतिशत तक कम पर नीलाम की गई थीं। इस बार भी ऐसे ही स्थिति बन सकती है।
इंदौर टारगेट से 73 करोड़ पीछे, बची 14 दुकानों की कीमत 219 करोड़
इंदौर की 173 दुकानों के लिए सरकार से 2012 करोड़ का लक्ष्य मिला था। अब तक इनमें से 159 दुकानें 2019 करोड़ में नीलाम हो चुकी है, जिनकी तय कीमत 1883 करोड़ थी। इस तरह अब सिर्फ 14 दुकानें शेष हैं, जिनकी कीमत 219 करोड़ है और इंदौर अपने लक्ष्य से सिर्फ 73 करोड़ पीछे है। ऐसे में यह तय है कि इंदौर लक्ष्य से ज्यादा राजस्व अर्जित करेगा।
इंदौर के प्रमुख क्षेत्रों की दुकानें रह गईं
इंदौर की जो 14 दुकानें अब तक नहीं बिक पाई हैं, उनमें शहर के प्रमुख क्षेत्रों की दुकानें भी शामिल है। इसमें पलासिया, कोठारी मार्केट और पलसीकर जैसे पॉश इलाके भी है। बची दुकानों में पलासिया क्रमांक-1, बड़ी ग्वालटोली, पलसीकर कॉलोनी, महूनाका, सरवटे बस स्टैण्ड, ट्रांसपोर्ट नगर, अंजनी नगर, चिमनबाग, तोपखाना, जिंसी, चदन नगर, सिरपुर तालाब, मार्डन चौराहा, ड्रीमलैण्ड चौराहा, महू की दुकानें शामिल हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved