
चंडीगढ़ । कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा (Congress MP Kumari Sailja) ने कहा कि भाजपा सरकार ने टोल दरों में वृद्धि कर (By increasing Toll Rates, BJP Government) जनता पर और आर्थिक बोझ लाद दिया (Has imposed further financial burden on Public) ।
कुमारी सैलजा ने कहा कि देश में पहले से ही महंगाई से जूझ रही आम जनता पर अब भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा टोल दरों में लगभग 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर एक और आर्थिक बोझ डाल दिया गया है। यह वृद्धि आज रात 12 बजे से लागू हो गई है, जिससे रोजमर्रा के सफर का खर्च और बढ़ जाएगा। मीडिया को जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि हरियाणा में लगातार बढ़ते टोल प्लाजा और बढ़ती दरें यह दर्शाती हैं कि जनता को सुविधा देने के नाम पर वसूली का बोझ बढ़ाया जा रहा है। किसानों, व्यापारियों, नौकरीपेशा वर्ग और आम यात्रियों पर इसका सीधा असर पड़ेगा।
कुमारी सैलजा ने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार हर मोर्चे पर लोगों को लाइन में खड़ा कर रही है। चाहे वह टोल हो, टैक्स हो या रोजमर्रा की जरूरतें। राहत देने के बजाय लगातार आर्थिक दबाव बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले ही जनता से वसूली को बढ़ाने के लिए टोल दरों में समय-समय पर बदलाव किए हैं और अब लगातार बढ़ोतरी कर आम आदमी की जेब पर सीधा असर डाला जा रहा है।
सांसद कुमारी सैलजा ने यह भी कहा कि सरकार की अपनी नीति के अनुसार 60 किलोमीटर से पहले कोई टोल प्लाजा नहीं होना चाहिए, लेकिन हरियाणा में हिसार के दोनों ओर मात्र लगभग 37 किलोमीटर की दूरी पर ही दो टोल प्लाजा बनाए गए हैं, जो सरकार के अपने नियमों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्राइवेट कंपनियों के साथ मिलकर टोल के माध्यम से जनता से अनुचित वसूली की जा रही है, जो पूरी तरह से जनविरोधी नीति को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि कई टोल प्लाजाओं पर निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद भी वसूली जारी है, जो पूरी तरह अनुचित है। सरकार को तुरंत इस पर कार्रवाई करनी चाहिए और जनता को राहत देनी चाहिए।
कुमारी सैलजा ने कहा कि देश में महंगाई लगातार चरम पर है। हाल ही में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी के साथ-साथ घरेलू गैस सिलेंडर के दाम भी बढ़ाए गए जिससे आम परिवारों का बजट बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार की नीतियों के कारण आज देश का हर वर्ग प्रभावित है। गैस सिलेंडर जैसी जरूरी वस्तु के दाम बढ़ाकर सरकार ने आम आदमी को रसोई तक में लाइन में खड़ा कर दिया है। कुमारी सैलजा ने कहा कि बार-बार कीमतों में बढ़ोतरी से छोटे व्यापारी, गृहिणियां और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं, जबकि सरकार आम जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved