img-fluid

MP: बुदनी में 2 लाख का कर्ज चुकाने से बचने के लिए 3 लोगों की हत्या… पति-पत्नी और बेटे को कुल्हाड़ी से काटा… दो गिरफ्तार

November 20, 2026

सीहोर। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के सीहोर जिले (Sehore district) में कर्ज चुकाने से बचने के लिए तीन लोगों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने अपने दोस्त के साथ मिलकर 2 लाख रुपये उधार देने वाले शख्स, उसकी पत्नी और बेटे की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, वारदात 16 नवंबर की रात बुधनी तहसील (Budhni Tehsil) के वार्ड नंबर 12 में हुई थी। मृतकों की पहचान राकेश मीणा (45), उनकी पत्नी राधा (40) और बेटे अश्विन (24) के रूप में हुई है। तीनों अपने घर में मृत पाए गए थे। उनके शरीर पर कुल्हाड़ी से किए गए हमले के निशान थे।

2 लाख रुपये का कर्ज बना हत्या की वजह
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी जगदीश भिलाला (40) ने राकेश मीणा से करीब 2 लाख रुपये उधार लिए थे। दोनों के बीच तय हुआ था कि जगदीश कर्ज और ब्याज चुकाने तक अपनी फसल का एक हिस्सा राकेश को देगा। हालांकि, जगदीश कथित तौर पर यह कर्ज चुकाने से बचना चाहता था। इसी वजह से उसने अपने दोस्त अनिल भिलाला (20) के साथ मिलकर राकेश और उनके परिवार को खत्म करने की साजिश रची। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, जगदीश ने इस काम के लिए अपने दोस्त अनिल को कुछ पैसे देने की पेशकश की थी। इसके बाद दोनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई।


  • बातचीत के बहाने खुलवाया दरवाजा, फिर किया हमला
    पुलिस के मुताबिक, 16 नवंबर की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच दोनों आरोपी राकेश के घर पहुंचे। उन्होंने कुछ जरूरी बातचीत करने का बहाना बनाकर दरवाजा खुलवाया। इसके बाद कथित तौर पर घर के अंदर घुसकर राकेश, उनकी पत्नी राधा और बेटे अश्विन की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की भी कोशिश की। उन्होंने मृतकों का मोबाइल फोन टॉयलेट में फेंककर फ्लश कर दिया, ताकि उनके बीच हुई बातचीत से जुड़ा कोई सबूत पुलिस के हाथ न लगे।

    मुखबिरों और तकनीकी साक्ष्यों से खुला मामला
    तीन लोगों की हत्या की जानकारी मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे घटनास्थल पर पहुंचे और जांच के लिए विशेष टीमें गठित कीं। फोरेंसिक विशेषज्ञों, फिंगरप्रिंट टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने मुखबिरों से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए गुरुवार को जगदीश भिलाला और अनिल भिलाला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved