
नदवा: बिहार के मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं. उनके पैतृक गांव नदवा में शुक्रवार को एक भव्य महादंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी चर्चा पूरे बिहार में है. इस आयोजन की खास बात यह है कि इसमें देश के अलग-अलग राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी नामी पहलवान हिस्सा लेने पहुंचे हैं.
इस महादंगल के लिए विशेष रूप से अखाड़ा तैयार किया गया है, जिसकी मिट्टी को खास तरीके से तैयार किया गया है. इस मिट्टी में दो क्विंटल हल्दी, नीम और सरसों के तेल का मिश्रण किया गया है. माना जाता है कि यह पारंपरिक तकनीक पहलवानों को चोट से बचाने और उनकी पकड़ मजबूत करने के लिए जानी जाती है.
राजधानी पटना से सटे मोकामा के नदवा गांव में यह भव्य आयोजन बिहार केसरी रहे विवेका पहलवान की पुण्यतिथि के अवसर पर किया जा रहा है. इस महादंगल को भव्य स्वरूप देने के लिए आयोजकों ने खास तैयारी की है. ईरान के मशहूर पहलवान हामिद, इरफान और जलन के अलावा जॉर्जिया के टेडू पहलवान भी इसमें हिस्सा ले रहे हैं. इसके साथ ही महाराष्ट्र, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से भी दिग्गज पहलवान आए हैं.
अनुमान है कि करीब 8 से 10 लाख लोग इस महादंगल के साक्षी बन सकते हैं. राजधानी पटना समेत आसपास के इलाकों में इसके प्रचार-प्रसार के लिए बड़े पैमाने पर पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं. बताया जा रहा है कि इस पूरे आयोजन की जिम्मेदारी खुद अनंत सिंह ने संभाल रखी है और वे इसकी हर छोटी-बड़ी तैयारी पर नजर बनाए हुए हैं.
वहीं, विवेका पहलवान की बात करें तो वे बिहार में कुश्ती का बड़ा नाम रहे हैं. उनकी डेली डाइट की चर्चा आज भी लोग करते हैं. वे रोजाना करीब पांच लीटर दूध पीते थे, साथ ही बादाम का हलवा और शरबत उनकी डाइट में शामिल रहता था. नियमित रूप से 10 किलोमीटर दौड़ और हजारों दंड-बैठक लगाना उनकी फिटनेस का राज था.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved