
कोलकाता. पश्चिम बंगाल (West Bengal) विधानसभा चुनाव (Legislative Assembly) के पहले चरण के मतदान ने हिंसक रूप अख्तियार कर लिया है. एक तरफ मतदाता भारी संख्या में पोलिंग बूथों पर पहुंच रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ राज्य के विभिन्न हिस्सों से आगजनी, मारपीट और तोड़फोड़ के गंभीर मामले सामने आ रहे हैं.
मुर्शिदाबाद, कूचबिहार, सिलिगुड़ी और मालदा में जमकर बवाल हो रहा है. मुर्शिदाबाद में उपद्रवियों ने हुमायूं कबीर की कार पर लाठी और ईंटों से हमला किया. मुर्शिदाबाद के नौदा में उस समय हड़कंप मच गया जब AJUP प्रमुख और रेजीनगर से उम्मीदवार हुमायूं कबीर के काफिले पर उपद्रवियों ने ईंटों और लाठियों से हमला कर दिया. इस दौरान टीएमसी और एजेयूपी कार्यकर्ताओं के बीच खूनी झड़प हुई. कबीर की पुलिस अधिकारियों के साथ तीखी नोकझोंक भी हुई. उन्होंने इस हमले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है.
कूचबिहार में केंद्रीय बलों का एक्शन
कूचबिहार के तूफानगंज इलाके में मतदान के दौरान भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई. स्थिति को नियंत्रण से बाहर होता देख वहां तैनात केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवानों ने मोर्चा संभाला. सुरक्षा बलों ने लाठीचार्ज कर और भीड़ को खदेड़कर स्थिति को तितर-बितर किया. आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्व मतदाताओं को डराने का प्रयास कर रहे थे, जिसके बाद जवानों को बल प्रयोग करना पड़ा.
सुवेंदु सरकार को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
दक्षिण दिनाजपुर के कुमारगंज (Kumarganj) विधानसभा क्षेत्र से एक बेहद विचलित करने वाली घटना सामने आई है. यहाँ के भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु सरकार पर कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) के समर्थकों ने हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि सुवेंदु सरकार को सूचना मिली थी कि एक विशेष बूथ पर ‘बूथ जैमिंग’ की जा रही है. जब वे अपनी टीम के साथ वहां पहुंचे, तो उन पर लाठियों और घूंसों से हमला किया गया. सुवेंदु सरकार ने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में टीएमसी के गुंडों ने उन्हें पीटा.
मालदा में हंगामा
मालदा के मोथाबाड़ी विधानसभा क्षेत्र में बालुआचारा हाई स्कूल स्थित मतदान केंद्र के बाहर EVM में खराबी आने के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. चुनाव आयोग के अधिकारी के पहुंचने में देरी होने पर वोटर भड़क गए और उन्होंने अधिकारी को घेर लिया और बंधक सा बना लिया. कई मतदाता अफसर की बांह पकड़कर उन्हें खींचते हुए और उनके साथ हाथापाई करते हुए दिखाई दिए.
बंगाल में एक महिला की मौत
बंगाल के केशपुर में वोट डालने के बाद बूथ के सामने ही एक महिला की जान चली गई. महिला का नाम इशरतन बीबी (55) है. वह पश्चिम मेदिनीपुर के केशपुर विधानसभा क्षेत्र के दीघा इलाके में रहती थीं. परिवार की ओर से उनके पति नवाबजान अली ने बताया – ‘परिवार के चार सदस्यों के नाम वोटर लिस्ट में नहीं हैं. मेरा नाम भी उसमें नहीं है. सिर्फ़ मेरी पत्नी का ही वोट था. मैं उन्हें वोट डलवाने ले गया था. मेरे पास वोट नहीं था, इसलिए मैं बूथ से बाहर निकलकर खड़ा हो गया. वोट डालने के बाद बाहर आकर, जब मेरी पत्नी एक ‘टोटो’ में बैठीं तो उनकी मौत हो गई.’
हुमायूं कबीर की कार पर पत्थरों और लाठियों से हमला
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान मुर्शिदाबाद में हिंसा का तांडव जारी है. ताजा घटना में रेजीनगर से AJUP उम्मीदवार हुमायूं कबीर के काफिले पर उपद्रवियों ने जानलेवा हमला किया है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उपद्रवियों की एक बड़ी भीड़ ने अचानक हुमायूं कबीर की कार को घेर लिया. हमलावरों के हाथों में लाठियां, डंडे और ईंटें थीं.
तृणमूल कैंप ऑफिस में तोड़फोड़ के आरोप
मालदा जिले के हरिश्चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब तृणमूल कांग्रेस के ही दो गुट आपस में भिड़ गए. यह विवाद इतना बढ़ गया कि राज्य के निवर्तमान मंत्री ताज़मुल हुसैन के पैतृक गांव बांगरुआ (बूथ संख्या 200 और 201) में टीएमसी के एक चुनावी कैंप ऑफिस में जमकर तोड़फोड़ की गई. हरिश्चंद्रपुर-I ब्लॉक पंचायत समिति में टीएमसी के नेता स्वपन अली ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए दावा किया है कि मंत्री ताज़मुल हुसैन और उनके समर्थक खुलेआम कांग्रेस पार्टी के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं. स्वपन अली का आरोप है कि मंत्री के ही निर्देश पर उनके समर्थकों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर टीएमसी के कैंप ऑफिस पर हमला किया, पार्टी के झंडे फाड़े और बैनरों को क्षतिग्रस्त कर दिया.
पल-पल की वोटिंग पर शाह पैनी नजर
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सक्रियता ने चुनावी हलचल को और बढ़ा दिया है. अमित शाह कोलकाता के सॉल्ट लेक स्थित भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश कार्यालय में बने अत्याधुनिक ‘वॉर रूम’ पहुंच चुके हैं, जहाँ वे लगभग एक घंटे तक रुककर राज्य भर से आ रहे चुनावी फीडबैक और मतदान के रुझानों की समीक्षा करेंगे.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved