
डेस्क। ग्लोबल संकेतों और भारी बिकवाली के चलते घरेलू शेयर बाजार गुरुवार को भारी गिरावट के साथ बंद हुआ। कारोबारी सत्र के आखिर में बीएसई सेंसेक्स 852.49 अंक की बड़ी गिरावट के साथ 77664.00 के लेवल पर बंद हुआ। एनएसई का निफ्टी भी अंत में 205.05 अंक की तेज गिरावट के साथ 24,173.05 के लेवल पर टिका। निफ्टी में आज के सबसे बड़े गिरावट वाले शेयरों में ट्रेंट, एम एंड एम, श्रीराम फाइनेंस, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस और टेक महिंद्रा शामिल रहे। वहीं, बढ़त वाले शेयरों में डॉ रेड्डीज लैब्स, सिप्ला, जियो फाइनेंशियल, अदानी एंटरप्राइजेज और अपोलो हॉस्पिटल्स रहे।
सेक्टोरल स्तर पर, कैपिटल गुड्स सेक्टर में 0.4% की बढ़त दर्ज की गई, जबकि हेल्थकेयर इंडेक्स 1.6% चढ़ा। एनर्जी इंडेक्स में 0.25% की बढ़त रही और मीडिया इंडेक्स 0.9% उछला। दूसरी ओर, ऑटो, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और PSU बैंक सेक्टर में 2-2% की गिरावट आई, जबकि IT, रियल्टी, मेटल और प्राइवेट बैंक सेक्टर लगभग 1% तक कमजोर रहे।
आज मुद्रा बाजार में भारतीय रुपया 94 प्रति अमेरिकी डॉलर से नीचे फिसल गया। यह 33 पैसे की गिरावट के साथ बंद हुआ। रुपये में लगातार चौथे सत्र में गिरावट जारी रही, और यह 33 पैसे गिरकर 94.11 (अस्थायी) पर बंद हुआ। गुरुवार को, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और पश्चिम एशिया में शांति वार्ता के अनिश्चित दौर में चले जाने के बीच, रुपये ने एक महीने में दूसरी बार 94 के स्तर को तोड़ दिया। फॉरेक्स ट्रेडर्स ने बताया कि घरेलू शेयरों की भारी बिकवाली और विदेशी फंडों की लगातार निकासी के साथ-साथ अमेरिकी मुद्रा की वैश्विक मांग में वृद्धि ने घरेलू मुद्रा पर और दबाव डाला, जिसने एक सप्ताह में 1 प्रतिशत से अधिक का नुकसान झेला है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved