
नई दिल्ली। महाराष्ट्र (Maharashtra) में चलती ट्रेन में डकैती की योजना (Robbery Plan) को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की सतर्कता ने नाकाम कर दिया। मध्य रेलवे ने सिद्धेश्वर एक्सप्रेस (Siddheshwar Express) में वारदात की साजिश रचने के आरोप में नौ महिलाओं (Women) को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात कुर्दुवाड़ी रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात RPF की अपराध रोकथाम और जांच टीम ने प्लेटफॉर्म पर तीन महिलाओं को संदिग्ध हालत में घूमते देखा। पूछताछ के बाद उन्हें स्टेशन परिसर से बाहर जाने को कहा गया, लेकिन वे लातूर एक्सप्रेस में सवार हो गईं। इसके बाद RPF ने अन्य स्टेशनों को अलर्ट कर उनकी निगरानी के निर्देश दिए।
संदिग्ध महिलाएं जेउर स्टेशन पर उतरीं और वहां से मुंबई-सोलापुर सिद्धेश्वर एक्सप्रेस में चढ़ गईं। RPF टीम लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर बनाए रही और आखिरकार सोलापुर स्टेशन पर उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि सभी महिलाएं एक डकैत गिरोह का हिस्सा हैं, जो सोलापुर और पुणे रेलवे डिवीजनों में सक्रिय था। 18 से 40 वर्ष की उम्र की ये महिलाएं धाराशिव जिले की रहने वाली हैं। बाद में उन्हें कुर्दुवाड़ी में सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) के हवाले कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(4) (डकैती की तैयारी) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved