img-fluid

महाराष्ट्र में अब पेपर लीक की खैर नहीं! 10 साल तक जेल और 10 करोड़ जुर्माने की तैयारी में सरकार

November 26, 2026

नई दिल्ली. महाराष्ट्र (Maharashtra) में सरकारी नौकरी (Government Job) और प्रतियोगी परीक्षाओं (competitive examinations) की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए पेपर लीक (paper leaks) और धांधली लंबे समय से बड़ी चिंता का विषय रहे हैं. अब राज्य सरकार इस समस्या से सख्ती से निपटने के लिए मौजूदा कानून में बड़े बदलाव करने जा रही है. भर्ती परीक्षाओं में सुधार के लिए गठित उच्चस्तरीय समिति ने परीक्षा में संगठित गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कड़ी सजा का प्रस्ताव दिया है.

रिपोर्ट के मुताबिक, अतिरिक्त मुख्य सचिव वी. राधा की अध्यक्षता वाली सात सदस्यीय समिति ने 23 नवंबर को अपनी दूसरी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपी. इसमें ‘महाराष्ट्र प्रतियोगी परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024’ में संशोधन की सिफारिश की गई है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि सरकार नागपुर में होने वाले आगामी शीतकालीन विधानसभा सत्र में इन संशोधनों से जुड़ा विधेयक लाएगी और उसे पारित कराने की कोशिश करेगी.

अभी लागू नहीं हुआ है नया कानून
यहां अभ्यर्थियों के लिए यह समझना जरूरी है कि 7 से 10 साल की जेल और कम से कम 10 करोड़ रुपये के जुर्माने का प्रावधान फिलहाल समिति की सिफारिश है. इसे अभी कानून का रूप नहीं मिला है. सरकार इस पर फैसला लेकर आगामी विधानसभा सत्र में विधेयक पेश करेगी, जिसके बाद ही यह कानून लागू होगा.


  • किस गड़बड़ी पर कितनी सजा की सिफारिश?
    समिति ने नकल करने वाले अभ्यर्थियों से लेकर पेपर लीक कराने वाले गिरोहों और परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसियों तक के लिए सजा और जुर्माने को कई गुना बढ़ाने की सिफारिश की है:

    – संगठित परीक्षा घोटाला और पेपर लीक: इसमें शामिल लोगों को 7 से 10 साल की जेल और कम से कम 10 करोड़ रुपये के जुर्माने की सिफारिश की गई है (वर्तमान में यह 5 से 10 साल जेल और 1 करोड़ रुपये जुर्माना है). उनसे आर्थिक नुकसान की भरपाई कराई जाएगी और संपत्ति भी जब्त की जा सकेगी.

    – परीक्षा में नकल या अनुचित साधनों का इस्तेमाल: पकड़े जाने पर 5 से 10 साल की जेल (पहले 3 से 5 साल) और 50 लाख रुपये तक के जुर्माने (पहले 10 लाख रुपये) की सिफारिश की गई है.

    – परीक्षा एजेंसी (सर्विस प्रोवाइडर) की मिलीभगत: गड़बड़ी में पकड़ी जाने वाली एजेंसियों पर 5 करोड़ रुपये तक का जुर्माना (मौजूदा सीमा का पांच गुना) लगाने और उन्हें 4 साल के बजाय 8 साल तक ब्लैकलिस्ट करने का प्रस्ताव है.

    – एजेंसी के निदेशक और मैनेजर: भूमिका साबित होने पर 5 से 10 साल की जेल और 5 करोड़ रुपये तक के जुर्माने की सिफारिश की गई है.

    जमीन के साथ डिजिटल और वर्चुअल संपत्ति भी होगी जब्त
    संपत्ति जब्ती के प्रावधान को ज्यादा प्रभावी बनाने के लिए समिति ने कानून में “संपत्ति” (Property) की परिभाषा को व्यापक बनाने का सुझाव दिया है. इसके तहत जमीन, इमारतों और चल संपत्ति के अलावा बौद्धिक संपदा (इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी), अमूर्त अधिकारों और डिजिटल व वर्चुअल संपत्तियों को भी जब्त किया जा सकेगा.

    3 महीने में ट्रायल पूरा करने का लक्ष्य
    समिति ने सिफारिश की है कि परीक्षा में धांधली के मामलों की जांच वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और एक स्वतंत्र स्पेशल टास्क फोर्स (STF) से कराई जाए. वर्तमान में इन मामलों की जांच डीएसपी (DSP) या एसीपी (ACP) रैंक के अधिकारी करते हैं, लेकिन समिति ने जिलों में कम से कम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एड‍िशनल SP) और पुलिस आयुक्तालयों में कम से कम पुलिस उपायुक्त (DCP) रैंक के अधिकारियों को जांच सौंपने का सुझाव दिया है.

    इसके अलावा, मामलों की सुनवाई के लिए विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का प्रस्ताव है. अधिनियम के तहत पहले से लंबित सभी मामलों को इन अदालतों में स्थानांतरित कर तीन महीने के भीतर निपटाने की सिफारिश की गई है.

    अभ्यर्थियों को परीक्षा फीस वापसी पर भी विचार
    मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यह भी संकेत दिया है कि सरकार समिति की उस सिफारिश पर विचार करेगी, जिसमें छात्रों पर आर्थिक बोझ कम करने के लिए परीक्षा शुल्क (एग्जाम फीस) वापस करने का प्रस्ताव रखा गया है.

    हर जिले में बनेगा ‘वेन्यू बैंक’ और तीन स्तरीय कमांड सेंटर
    परीक्षा संचालन को पारदर्शी बनाने के लिए समिति ने कई प्रशासनिक और तकनीकी सुधार भी सुझाए हैं:

    – तीन स्तरीय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर: महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) मुख्यालय में एक केंद्रीय केंद्र, हर जिले में एक स्वतंत्र केंद्र और परीक्षा के दिन प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा.

    – जिला स्तर पर स्थायी व्यवस्था: हर जिलाधिकारी (कलेक्टर) कार्यालय में एक स्थायी परीक्षा शाखा और कलेक्टर की अध्यक्षता में स्थायी समन्वय समिति बनेगी, जिसमें एसपी/डीसीपी के साथ शिक्षा, परिवहन और कोषागार विभाग के अधिकारी शामिल होंगे.

    – वेन्यू बैंक: हर जिले में स्कूल और कॉलेज की इमारतों का एक ‘वेन्यू बैंक’ तैयार होगा, जिसमें बैठने की क्षमता, बुनियादी ढांचे और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए सुविधाओं का पूरा ब्योरा दर्ज रहेगा. कलेक्टरों को MPSC द्वारा तय दरों पर इन इमारतों को अधिग्रहित करने का अधिकार देने की सिफारिश की गई है.

    – साइबर सुरक्षा सेल और CISO की नियुक्ति: माइक्रो डिवाइस, पहनने योग्य कैमरों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए होने वाली नकल रोकने के लिए MPSC को महा-साइबर और विशेषज्ञ एजेंसियों के साथ मिलकर एक समर्पित तकनीक व साइबर सुरक्षा सेल बनाने को कहा गया है.

    साथ ही, अभ्यर्थियों के डेटा की सुरक्षा के लिए एक मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी (CISO) की नियुक्ति और एकसमान सूचना सुरक्षा नीति अपनाने की सिफारिश भी की गई है.

    चार चरणों में रिपोर्ट देगी वी. राधा समिति
    राज्य में MPSC परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अभ्यर्थियों के विरोध प्रदर्शनों के बाद मुख्यमंत्री ने अगस्त में इस समिति की घोषणा की थी और 4 सितंबर को इसका औपचारिक गठन किया गया था. वी. राधा की अध्यक्षता वाली इस समिति में डीजीपी सदानंद दाते, आईटी सचिव वीरेंद्र सिंह, नासिक के संभागीय आयुक्त प्रवीण गेडाम और आईआईटी बॉम्बे के एक प्रोफेसर शामिल हैं.

    समिति कुल चार चरणों में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी. 4 नवंबर को सौंपी गई अपनी पहली रिपोर्ट में समिति ने ग्रुप-सी (Group-C) के पदों को बढ़ाकर 16,000 से अधिक करने और सभी भर्ती परीक्षाओं की अधिकतम आयु सीमा में एक बार के लिए एक साल की छूट देने की सिफारिश की थी, जिसे सरकार ने अगले ही दिन मंजूर कर लिया था.

    वहीं, केंद्र स्तर पर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जुलाई में इन्फोसिस के सह-संस्थापक नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता में परीक्षा सुधारों के अगले चरण के लिए एक उच्चस्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया है.

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved