
वॉशिंगटन. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (President Donald Trump) ने गुरुवार को घोषणा की कि इस्राइल (Israel) और लेबनान (Lebanon) के बीच संघर्ष विराम (Ceasefire) को अगले तीन सप्ताह के लिए बढ़ा दिया गया है। यह घोषणा दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई वार्ताओं के बाद की गई।
व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से बात करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि लेबनान और इस्राइल के उच्च-स्तरीय अधिकारियों के साथ उनकी एक शानदार बैठक हुई। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले हफ्तों में लेबनान के राष्ट्रपति और इस्राइल के प्रधानमंत्री अमेरिका दौरे पर आएंगे।
इस्राइल-लेबनान में तीन हफ्तों के लिए बढ़ा संघर्ष विराम
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “उन्होंने तीन अतिरिक्त हफ्तों के लिए, मैं समझता हूं, गोलीबारी न करने यानी संघर्ष विराम पर सहमति जताई है। हम देखेंगे कि क्या ऐसा होता है। यह उनके बीच नहीं होगा, लेकिन हमें अभी भी हिजबुल्ला के बारे में सोचना है।”
इससे पहले ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में राष्ट्रपति ट्रंप ने घोषणा की थी कि इस्राइल और लेबनान के बीच संघर्ष विराम तीन सप्ताह के लिए बढ़ाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा था कि अमेरिका लेबनान के साथ मिलकर काम करेगा, ताकि उसे हिजबुल्ला से अपनी सुरक्षा करने में मदद मिल सके।
क्या बोले ट्रंप?
ट्रंप ने अपनी पोस्ट में लिखा, “अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विदेश मंत्री मार्को रुबियो, इस्राइल में राजदूत माइक हकाबी, और लेबनान में राजदूत मिशेल ईसा, आज ओवल ऑफिस में इस्राइल और लेबनान के उच्च-स्तरीय प्रतिनिधियों से मिले। बैठक बहुत अच्छी रही! अमेरिका लेबनान के साथ मिलकर काम करेगा, ताकि उसे हिजबुल्ला से अपनी सुरक्षा करने में मदद मिल सके।”
उन्होंने कहा, “इस्राइल और लेबनान के बीच संघर्ष विराम तीन सप्ताह के लिए बढ़ाया जाएगा। मैं निकट भविष्य में इस्राइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू, और लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन की मेजबानी करने के लिए उत्सुक हूं। इस ऐतिहासिक बैठक में भाग लेना एक महान सम्मान था।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved