
नई दिल्ली: केसीआर की बेटी के कविता ने अपनी नई पार्टी का ऐलान कर दिया है. उनकी पार्टी का नाम ‘तेलंगाना राष्ट्र सेना’ रखा गया है. खास बात यह है कि उन्होंने बीआरएस (Bharat Rashtra Samithi) के पुराने नाम टीआरएस (Telangana Rashtra Samithi) से मिलता-जुलता नाम अपनाया है.
कविता ने हैदराबाद के बाहरी इलाके में आयोजित एक कार्यक्रम में अपनी पार्टी के नाम की घोषणा की. सितंबर 2025 में कविता को बीआरएस से तब निलंबित कर दिया गया था जब उन्होंने अपने चचेरे भाई एवं पार्टी नेता टी. हरीश राव तथा रिश्तेदार जे. संतोष कुमार पर बीआरएस के शासन के दौरान निर्मित कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना को लेकर अपने पिता और बीआरएस अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव की छवि को ‘खराब’ करने का आरोप लगाया था.
बीआरएस से निलंबन के बाद वह लगातार सरकार और विपक्ष दोनों पर हमलावर रही हैं और अब खुद को एक नए राजनीतिक विकल्प के रूप में पेश कर रही हैं. बीआरएस से अलग होने के बाद के. कविता ने अपने सांस्कृतिक संगठन “तेलंगाना जागृति” के बैनर तले जनता से जुड़े मुद्दों को उठाना जारी रखा. इस दौरान उन्होंने खुद को सामाजिक और जनहित के मुद्दों से जोड़े रखा और लगातार सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए.
के. कविता ने बीआरएस सरकार के दौरान कई कथित अनियमितताओं को लेकर लगातार सवाल उठाए. उन्होंने शासन के कामकाज पर गंभीर आरोप लगाए और पारदर्शिता की कमी को मुद्दा बनाया.
कविता ने सिर्फ अपनी पुरानी पार्टी ही नहीं, बल्कि सत्ताधारी कांग्रेस को भी घेरा. उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों ही दल जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटका रहे हैं और सिर्फ राजनीतिक बयानबाजी में लगे हुए हैं. उनके मुताबिक, हालिया बैठकों में जनहित के मुद्दों की बजाय राजनीति ज्यादा हावी रही.
के. कविता ने आरटीसी आंदोलन, पानी की कमी और बिजली कटौती जैसे अहम मुद्दों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया. उनका कहना है कि सरकार इन समस्याओं को हल करने में पूरी तरह विफल रही है और आम लोगों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं.
कविता ने बीआरएस पर यह आरोप भी लगाया कि उसने महिला आरक्षण विधेयक और परिसीमन जैसे राष्ट्रीय मुद्दों को सही तरीके से नहीं उठाया. उनके अनुसार, इन अहम विषयों पर पार्टी की चुप्पी सवाल खड़े करती है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved