
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला (Chief Minister Omar Abdullah) ने मंगलवार को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की जमकर तारीफ की। श्रीनगर के SKICC में ग्रामीण विकास परियोजनाओं के शुभारंभ के दौरान उन्होंने चौहान को जम्मू-कश्मीर का ‘सच्चा दोस्त और शुभचिंतक’ बताया। अब्दुल्ला ने कहा कि मध्य प्रदेश के लोग आपको ‘मामा’ कहते हैं, जो कहीं से गलत नहीं है। वहीं, परियोजनाओं का शुभारंभ कते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार सिर्फ घोषणाएं करने में यकीन नहीं करती बल्कि जमीनी स्तर पर विकास भी करती है।
उमर अब्दुल्ला ने शिवराज को कहा ‘मामा’
बता दें कि इस मौके पर शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के चौथे चरण के तहत 3,550 करोड़ रुपये की लागत से 330 नई सड़क परियोजनाओं की शुरुआत की। इन परियोजनाओं के जरिए करीब 1,600 किलोमीटर सड़कें बनाई जाएंगी, जिससे जम्मू-कश्मीर के 363 दूरदराज के गांवों को फायदा मिलेगा। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शिवराज सिंह चौहान को ‘मामा’ कहकर संबोधित किया, जो मध्य प्रदेश में लोगों द्वारा प्यार से दिया गया नाम है। उन्होंने कहा, ‘मध्य प्रदेश के लोग आपको ‘मामा’ कहते हैं, इसमें कुछ भी गलत नहीं है।’
‘हम इन पैसों का सही से इस्तेमाल करेंगे’
अब्दुल्ला ने भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार इन परियोजनाओं के लिए मिले धन का सही और पारदर्शी तरीके से इस्तेमाल करेगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार पिछले डेढ़ साल से सत्ता में है और इस दौरान केंद्र से PMGSY के तहत करीब 8,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं मिली हैं। उन्होंने आगे कहा, ‘हम अगले कुछ महीनों में इन स्वीकृत परियोजनाओं पर काम शुरू कर देंगे। जब आप इन कामों से संतुष्ट होंगे, तब मैं और उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र चौधरी आपके पास और परियोजनाओं की मंजूरी के लिए आएंगे।’
‘हमारा दिल गांवों के लिए धड़कता है’
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क कनेक्टिविटी से दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों की जिंदगी में बड़ा बदलाव आता है। इससे उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार तक पहुंच आसान होती है। उन्होंने कहा, ‘जो सफर पहले घंटों में तय होता था, अब सड़कों की वजह से आसान हो गया है। पर्यटक शहरों और कस्बों को देखने आते हैं, लेकिन हमारा दिल गांवों के लिए धड़कता है।’ अब्दुल्ला ने यह भी कहा कि ग्रामीण विकास मंत्रालय की मदद से ‘विकसित जम्मू-कश्मीर’ और ‘विकसित भारत’ का सपना पूरा करने में मदद मिलेगी।
‘जमीनी स्तर पर विकास के लिए प्रतिबद्ध’
वहीं, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार सिर्फ घोषणाएं नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर विकास करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि सड़क, सेवाएं और सुविधाएं देश के सबसे दूरदराज के गांवों तक पहुंचें। चौहान ने यह भी जोर दिया कि बुनियादी ढांचे का विकास जम्मू-कश्मीर को देश की मुख्यधारा से और मजबूत तरीके से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved