
कोलकाता। पश्चिम बंगाल (West Bengal) में विधानसभा चुनाव (Assembly Elections) के दूसरे चरण के तहत बुधवार को 142 सीटों पर मतदान (Voting) जारी है। शुरुआती घंटों में मतदान की गति सामान्य रही और सुबह 9 बजे तक लगभग 18 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। इस चरण में मतदाता 1,448 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे।
राज्य में मुकाबला बेहद दिलचस्प बना हुआ है। एक ओर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस लगातार चौथी बार सत्ता में वापसी के प्रयास में जुटी है, वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी पहली बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ पूरी ताकत से चुनाव मैदान में है। इस बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। भाजपा नेता और पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में BNSS की धारा 163 लागू होने के बावजूद वह कई लोगों के साथ घूमती दिखाई दे रही हैं। उन्होंने इस पर आपत्ति जताते हुए पूछा कि ऐसी स्थिति में मुख्यमंत्री वहां क्यों मौजूद हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी मतदाताओं से अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि लोग बिना किसी डर या झिझक के बड़ी संख्या में मतदान करें। उन्होंने मतदाताओं से विकास, भाईचारा, सद्भाव और प्रगतिशील मूल्यों के पक्ष में वोट देने की अपील की। खरगे ने कहा कि यह समय उन ताकतों के खिलाफ खड़े होने का है जो लोगों के अधिकारों को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने खास तौर पर युवाओं और पहली बार वोट देने वालों से सक्रिय भागीदारी की अपील की।
उधर, भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती ने मतदान के दौरान कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस बार वोटिंग 90 प्रतिशत से अधिक हो सकती है और अगर ऐसा हुआ तो परिणाम काफी अहम होंगे।
टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने भवानीपुर क्षेत्र में मतदान किया और बाद में मीडिया से बातचीत में दावा किया कि उनकी पार्टी की जीत तय है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी हर बार बड़े दावे करती है लेकिन परिणाम हमेशा अलग आते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा इस चुनाव में 50 सीटों से कम पर सिमट सकती है।
गौरतलब है कि 294 सदस्यीय विधानसभा की 152 सीटों पर पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को हो चुका है, जबकि दूसरे चरण में शेष 142 सीटों पर वोटिंग हो रही है। मतगणना 4 मई को की जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved