
बरमंडल। शराब तस्करी रोकने के दौरान शहीद हुए खातेगांव थाना प्रभारी (Khategaon Police Station Incharge) स्व. दिलीप पुरी (Dilip Puri) के पैतृक गांव बरमंडल में मंगलवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा पहुंचे। डिप्टी सीएम ने शहीद के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है।उपमुख्यमंत्री देवड़ा दोपहर बाद ग्राम बरमंडल स्थित शहीद टीआई के निवास पहुंचे। उन्होंने स्व. दिलीप पुरी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद शहीद के पिता ओमप्रकाश पुरी और परिवार के अन्य सदस्यों से बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
परिजनों ने रखीं तीन प्रमुख मांगें
शहीद के परिजनों ने उपमुख्यमंत्री के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं। पहली मांग बरमंडल स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का नाम ‘अमर शहीद दिलीप पुरी’ के नाम पर रखने और विद्यालय परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापित करने की है। परिजनों ने बताया कि स्व. दिलीप पुरी ने इस विद्यालय में दो वर्षों तक विद्यार्थियों को निशुल्क परेड का प्रशिक्षण दिया था। इसके लिए उन्हें विद्यालय के प्राचार्य की ओर से प्रशस्ति पत्र भी मिला था।
परिवार की दूसरी मांग शहीद टीआई की पत्नी को शासकीय सेवा में अनुकंपा नियुक्ति देने की है, ताकि वे अपने बच्चों का भरण-पोषण और देखभाल सुचारू रूप से कर सकें। तीसरी मांग शहीद के बच्चों की पूरी पढ़ाई का खर्च राज्य सरकार द्वारा उठाने और उनके भविष्य को सुरक्षित करने की है। उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने परिजनों को आश्वासन दिया कि वे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से चर्चा कर इन सभी मांगों को स्वीकृत कराने का पूरा प्रयास करेंगे।
दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
मीडिया से चर्चा के दौरान उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि शराब तस्करी और इस वारदात में शामिल किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले के तार गुजरात से जुड़े होने की आशंका समेत सभी पहलुओं पर निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। अपराध करने वाला चाहे कोई भी हो, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहीद टीआई दिलीप पुरी के पिता ओमप्रकाश पुरी से फोन पर चर्चा कर शोक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया और कहा कि सरकार दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved