
न्यू चंडीगढ़। आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के मुकाबले के दौरान एक दर्दनाक घटना देखने को मिली, जब प्रियांश आर्य का जोरदार छक्का स्टैंड में बैठे बुजुर्ग फैन के चेहरे पर जा लगा। फैन खून से लथपथ हो गया और उसे अस्पताल ले जाना पड़ा। वहीं, मैच में राजस्थान रॉयल्स ने 223 रन का लक्ष्य हासिल कर पंजाब किंग्स को रोमांचक मुकाबले में हरा दिया।
मुल्लांपुर में खेले गए पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के मुकाबले के दौरान दूसरी ओवर में यह घटना हुई। नांद्रे बर्गर की गेंद पर प्रियांश आर्य ने लंबा छक्का जड़ा, लेकिन गेंद सीधे स्टैंड में बैठे एक बुजुर्ग दर्शक के चेहरे पर जा लगी। गेंद लगते ही फैन के चेहरे से खून बहने लगा और उसकी शर्ट भी खून से भर गई। आसपास बैठे दर्शक तुरंत मदद के लिए पहुंचे। एक शख्स ने घाव साफ किया और खून रोकने की कोशिश की। रिपोर्ट्स के मुताबिक घायल फैन को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।
इस घटना के बावजूद प्रियांश आर्य ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने सिर्फ 11 गेंदों में 29 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल था। हालांकि तीसरे ओवर में जोफ्रा आर्चर ने उन्हें आउट कर दिया। प्रियांश इस सीजन शानदार फॉर्म में हैं और सात मैचों में 283 रन बना चुके हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved