
वेलिंगटन. न्यूजीलैंड (New Zealand) के बल्लेबाज हेनरी निकोल्स (Henry Nicholls) ने वेलिंगटन (Wellington) में जारी पहले टेस्ट मैच में भारतीय गेंदबाजों (Indian bowlers) का दिवाला निकाल दिया। दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में हेनरी निकोल्स ने दमदार शतक ठोका। इसी के साथ उन्होंने भारत के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में लंबे समय से चला आ रहा शतक का सूखा समाप्त कर दिया। वे पहले ही ओवर में बल्लेबाजी के लिए आ गए थे और फिर एक छोर पर डटे रहे और तीसरे सेशन में अपना शतक पूरा करके दम लिया।
हेनरी निकोल्स ने 188 गेंदों में 12 चौकों की मदद से अपना शतक पूरा किया, जो टेस्ट क्रिकेट में उनका 12वां शतक है। टीम इंडिया के खिलाफ पहली बार उन्होंने शतकीय पारी टेस्ट क्रिकेट में खेली है। हेनरी निकोल्स को पहले ओवर की चौथी गेंद पर ही बल्लेबाजी के लिए उतरना पड़ गया था, क्योंकि जसप्रीत बुमराह ने तीसरी गेंद पर कप्तान टॉम लैथम को आउट कर दिया था। इसके बाद उन्होंने न सिर्फ एक छोर को संभाला, बल्कि पांच विकेट गिरने के बाद छठे विकेट के लिए एक बड़ी साझेदारी ग्लेन फिलिप्स के साथ बुनी। खबर लिखे जाने तक दोनों नाबाद हैं और न्यूजीलैंड का स्कोर 210 के पार हो गया है।
हेनरी निकोल्स न्यूजीलैंड के लिए ऐसे पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने एक मैदान पर पांच या इससे ज्यादा शतक लगाए हैं। केन विलियमसन ने हैमिल्टन के सेडन पार्क में 7 शतक टेस्ट क्रिकेट में जड़े थे, जबकि रॉस टेलर ने उसी वेन्यू पर 6 शतक जड़े हैं। वहीं, वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में हेनरी निकोल्स ने 5 शतक जड़ दिए हैं। मार्टिन क्रो और केन विलियमसन भी यहां 5-5 शतक टेस्ट क्रिकेट में जड़ चुके हैं, लेकिन निकोल्स ने सबसे कम पारियों में इस उपलब्धि को हासिल किया है।
एक मैदान पर न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज़्यादा टेस्ट शतक
7 – केन विलियमसन – सेडन पार्क, हैमिल्टन (21 इनिंग)
6 – रॉस टेलर – सेडन पार्क, हैमिल्टन (24 इनिंग)
5 – हेनरी निकोल्स – बेसिन रिज़र्व, वेलिंगटन (15 इनिंग)
5 – मार्टिन क्रो – बेसिन रिज़र्व, वेलिंगटन (17 इनिंग)
5 – केन विलियमसन – बेसिन रिज़र्व, वेलिंगटन (30 इनिंग)
आपको जानकर हैरानी होगी कि हेनरी निकोल्स ने इस मैच से पहले टेस्ट क्रिकेट में टीम इंडिया के खिलाफ 10 पारियों में कुल 122 रन ही बनाए थे, लेकिन इस पारी में वे 100 से ज्यादा रन बना चुके हैं। इतना ही नहीं, निकोल्स ने 8वें देश के खिलाफ टेस्ट शतक जड़ा है। अभी तक उनके शतकों की संख्या टेस्ट क्रिकेट में 12 ही है, लेकिन इनमें से 8 शतक अलग-अलग देशों के खिलाफ आए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved