
नई दिल्ली. भारत सरकार (Government of India) ने सैन्य नेतृत्व में बेहद अहम नियुक्तियों का ऐलान किया है. वाइस एडमिरल (Vice Admiral) कृष्णा स्वामीनाथन (Krishna Swaminathan) को भारतीय नौसेना (Indian Navy) का अगला प्रमुख (New Navy Chief) नियुक्त किया गया है. वो 31 मई को अपना नया पदभार ग्रहण करेंगे और उनका कार्यकाल 31 दिसंबर, 2028 तक रहेगा.
वाइस एडमिरल स्वामीनाथन फिलहाल मुंबई में पश्चिमी नौसेना कमान के कमांडर हैं. स्वामीनाथन 1 जुलाई, 1987 को भारतीय नौसेना में शामिल हुए थे. वो ‘कम्युनिकेशन और इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर’ के विशेषज्ञ माने जाते हैं.
स्वामीनाथन ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA), खड़कवासला से अपनी पढ़ाई पूरी की है. इसके अलावा उन्होंने ब्रिटेन के जॉइंट सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज और अमेरिका के यूनाइटेड स्टेट्स नेवल वार कॉलेज से भी आगे की पढ़ाई पूरी की.
भारतीय नौसेना के अगले प्रमुख के साथ-साथ नए चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ की भी नियुक्ति हुई है. सरकार ने रिटायर लेफ्टिनेंट जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि देश का अगले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) बनाया है. वो सैन्य मामलों के विभाग के सचिव के रूप में भी काम करेंगे. फिलहाल CDS जनरल अनिल चौहान 30 मई, 2026 को अपना कार्यकाल पूरा कर रहे हैं.
NSCS में सैन्य सलाहकार लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमणि
लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि फिलहाल राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (NSCS) में सैन्य सलाहकार हैं. इससे पहले वो सेना के उप-प्रमुख और मध्य कमान के जीओसी-इन-सी (GOC-in-C) रह चुके हैं. सूत्रों के मुताबिक, उनकी नियुक्ति सेना के ‘थिएट्राइजेशन’ कार्यक्रम को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से की गई है.
इन दोनों नियुक्तियों को भारतीय रक्षा तंत्र को मजबूत करने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है. सैन्य कमान में ये बदलाव मई के अंत तक प्रभावी हो जाएगा.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved