
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभी हाल ही में विदेशी मुद्रा बचाने के लिए देशवासियों से अपील की थी और कई तरह के सुझाव दिए थे। पीएम मोदी की अपील के बाद केंद्र सरकार ने विदेशी मुद्रा बचाने के लिए हरसंभव कोशिशें शुरू कर दी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से 1 साल के लिए सोना और चांदी की खरीदारी रोकने की अपील की थी। इसके अलावा, उन्होंने पेट्रोल और डीजल के कम-से-कम इस्तेमाल का भी आह्वान किया था।
पीएम मोदी की इस अपील के बाद केंद्र सरकार ने सोना और चांदी के आयात पर वसूले जाने वाली इंपोर्ट ड्यूटी को 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया। इसके साथ ही, अब DGFT (विदेश व्यापार महानिदेशालय) ने कुछ खास प्रकार के सिल्वर बार (चांदी की ईंटे) के आयात पर तत्काल प्रभाव से पाबंदी लगा दी है।
सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, 99.9% शुद्धता वाले सिल्वर बार को ‘फ्री’ कैटेगरी से हटाकर ‘रेस्ट्रिक्टेड’ कैटेगरी में डाल दिया गया है। इसके अलावा अन्य सिल्वर बार को भी प्रतिबंधित श्रेणी में डाला गया है। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के सबसे बड़े ज्वेलर्स मार्केट में सिर्फ चांदी का व्यापार करने वाले कारोबारी भावेश सोलंकी ने बताया कि सरकार के इस फैसले का सभी प्रकार के ज्वेलरी पर सीधा और प्रभावी असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार के इस फैसले से चांदी की कीमतों में उछाल देखने को मिलेगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved