नई दिल्ली। अंतरिक्ष के जरिये इंटरनेट (Internet via space) और संचार सेवाएं उपलब्ध कराने की वैश्विक प्रतिस्पर्धा तेज हो रही है। एलन मस्क की स्टारलिंक (Starlink) को चुनौती देने के लिए भारत के प्रमुख उद्योगपति मुकेश अंबानी और सुनील भारती मित्तल (Sunil Bharti Mittal) भी सैटेलाइट नेटवर्क के विस्तार की तैयारी में जुटे हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज पृथ्वी की निचली कक्षा में 1,600 सैटेलाइट का नेटवर्क स्थापित करने की योजना बना रही है। वहीं, भारती एयरटेल के प्रमुख सुनील मित्तल यूटेलसैट के वनवेब नेटवर्क को मजबूत करने पर काम कर रहे हैं। इन पहलों का उद्देश्य विदेशी नेटवर्क पर निर्भरता घटाने के साथ भारत की संचार और इंटरनेट कनेक्टिविटी को मजबूत करना है।
मुकेश अंबानी की अगुआई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज वर्ष 2035 तक पृथ्वी की निचली कक्षा (लो अर्थ ऑर्बिट) में 1,600 सैटेलाइट तैनात करने की तैयारी कर रही है। इस नेटवर्क के जरिये देश को इंटरनेट कनेक्टिविटी और सामरिक जरूरतों के लिए स्वदेशी विकल्प उपलब्ध कराने की योजना है।
रिलायंस घरेलू उत्पादन के अलावा विदेश से भी कम से कम 400 सैटेलाइट खरीदने की तैयारी में है। इसके लिए दो अमेरिकी कंपनियों से बातचीत चल रही है। यूरोपीय कंपनियों से भी आपूर्ति के विकल्प तलाशे जा रहे हैं, जबकि चीन को इस योजना से बाहर रखा गया है।
कंपनी सितंबर 2027 में नेटवर्क का पहला परीक्षण करने की तैयारी कर रही है। इसके बाद 2028 की शुरुआत से बड़े पैमाने पर सैटेलाइट तैनात करने की योजना है। पूरी परियोजना को 2035 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
दूसरी ओर, भारती एयरटेल के प्रमुख सुनील भारती मित्तल यूटेलसैट कम्युनिकेशंस के वनवेब नेटवर्क को मजबूत करने में जुटे हैं। इसका उद्देश्य ऐसा वैश्विक सैटेलाइट नेटवर्क तैयार करना है, जो अमेरिका और चीन पर निर्भरता कम कर सके।
मित्तल का मानना है कि किसी भी देश को अपनी रणनीतिक जरूरतों के लिए दूसरे देश पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। एयरटेल ने वर्ष 2015 में वनवेब में शुरुआती निवेश किया था। इसके बाद 2020 में कंपनी ने इसमें 50 करोड़ डॉलर का अतिरिक्त निवेश किया।
अंबानी और मित्तल की ये पहलें भारत को सैटेलाइट आधारित इंटरनेट और संचार सेवाओं के क्षेत्र में अपनी क्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved