
नई दिल्ली। देशभर में मौसम (Weather) ने दो अलग-अलग तस्वीरें पेश कर दी हैं। एक ओर अंडमान और निकोबार द्वीप समूह (Andaman and Nicobar Islands) में मानसून ने तय समय से पहले दस्तक दे दी है, वहीं दूसरी ओर दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान समेत उत्तर भारत के कई राज्य भीषण गर्मी और लू (Heatwave) की मार झेल रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिणी समुद्री क्षेत्रों में बारिश का दौर शुरू हो चुका है, जबकि उत्तर और मध्य भारत में तापमान लगातार खतरनाक स्तर पर बना हुआ है। विभाग का कहना है कि अगले पूरे सप्ताह तक उत्तर भारत में गर्म हवाएं लोगों को परेशान करती रहेंगी। दूसरी तरफ अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में मानसून की सक्रियता बढ़ने से केरल और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में प्री-मानसून बारिश शुरू हो गई है।
मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक मानसून इस बार सामान्य समय से करीब पांच दिन पहले आगे बढ़ रहा है। संभावना जताई गई है कि अगले दो-तीन दिनों में यह अंडमान और अरब सागर के अन्य हिस्सों में और सक्रिय हो जाएगा। आमतौर पर मानसून एक जून को केरल पहुंचता है, लेकिन इस बार इसके 26 मई तक केरल तट पर पहुंचने की उम्मीद है। केरल के कई इलाकों में अभी से तेज बारिश हो रही है। पटनामथिट्टा और अलाप्पुझा समेत कई क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी बीते 24 घंटों के दौरान अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई।
वहीं उत्तर भारत में हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं। उत्तर प्रदेश के ज्यादातर शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। बांदा सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। झांसी, प्रयागराज, वाराणसी और लखनऊ में भी तेज गर्मी और लू से जनजीवन प्रभावित है। दिल्ली में भी तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। हरियाणा और पंजाब के सिरसा, हिसार, रोहतक और बठिंडा जैसे शहरों में पारा 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच चुका है।
मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ी राज्यों में भी गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। हिमाचल प्रदेश के ऊना में तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पहाड़ी क्षेत्र के हिसाब से काफी ज्यादा माना जा रहा है। हालांकि मौसम विभाग ने 19 मई के बाद मौसम में बदलाव की संभावना जताई है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हिमाचल के कई इलाकों में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। चंबा, कांगड़ा और कुल्लू के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी पारा 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जबकि चंडीगढ़ में भी तापमान 40 डिग्री पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में और अधिक तेज लू चलने की चेतावनी दी है।
भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें, शरीर में पानी की कमी न होने दें और लगातार पानी, ओआरएस, नींबू पानी, छाछ या लस्सी का सेवन करते रहें। साथ ही हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और सिर को ढककर बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved