वॉशिंगटन। दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में शामिलमाइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) के सह-संस्थापक बिल गेट्स (Bill Gates) ने अपनी बची हुई हिस्सेदारी को लेकर बड़ा फैसला लिया है। करीब 25 वर्षों में धीरे-धीरे कंपनी से दूरी बनाने के बाद अब बिल गेट्स माइक्रोसॉफ्ट के अपने अंतिम शेयर भी बेचने की तैयारी में हैं। इसके साथ ही उन्होंने अपनी अधिकांश संपत्ति समाजसेवा और जनकल्याण कार्यों में दान करने की बात दोहराई है।
फाउंडेशन ने 2026 की पहली तिमाही में माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) के अपने आखिरी 77 लाख शेयर बेच दिए, जिनकी कीमत लगभग 3.2 अरब डॉलर यानी करीब 26 हजार करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह कदम इसलिए भी खास माना जा रहा है, क्योंकि माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) कभी इस फाउंडेशन की सबसे बड़ी निवेश होल्डिंग हुआ करती थी।
एक समय ऐसा था, जब फाउंडेशन के कुल निवेश पोर्टफोलियो में माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) की हिस्सेदारी करीब 27 प्रतिशत तक पहुंच गई थी। लेकिन, पिछले कुछ सालों में फाउंडेशन ने धीरे-धीरे अपनी हिस्सेदारी कम करनी शुरू कर दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2025 की तीसरी तिमाही में सबसे बड़ी बिकवाली हुई थी, जब करीब 65 प्रतिशत शेयर बेच दिए गए थे। अब 2026 में बची हुई आखिरी हिस्सेदारी भी बेच दी गई है।
इस फैसले के पीछे सबसे बड़ी वजह बिल गेट्स (Bill Gates) की नई योजना मानी जा रही है। उन्होंने पहले ही ऐलान किया था कि फाउंडेशन हमेशा के लिए नहीं चलेगा, बल्कि 2045 तक अपनी पूरी संपत्ति समाजसेवा और चैरिटी में खर्च कर दी जाएगी, यानी आने वाले सालों में फाउंडेशन तेजी से दान और सामाजिक परियोजनाओं पर पैसा खर्च करेगा। सिर्फ इस साल ही फाउंडेशन करीब 9 अरब डॉलर की ग्रांट बांटने की तैयारी में है।
हालांकि, माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) से फाउंडेशन का रिश्ता खत्म हो गया है, लेकिन कंपनी की ग्रोथ स्टोरी अभी भी मजबूत मानी जा रही है। खासकर AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) तेजी से आगे बढ़ रही है। एज्योर क्लाउड (Azure Cloud) और ओपेनएआई (OpenAI) के साथ साझेदारी को लेकर निवेशकों का भरोसा अभी भी कायम है। यही वजह है कि अरबपति निवेशक बिल ऐकमैन (Bill Ackman) की कंपनी पर्शिंग स्क्वॉयर (Pershing Square) ने हाल ही में माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) में करीब 2.3 अरब डॉलर का नया निवेश किया है।
दिलचस्प बात यह भी रही कि जिस दिन गेट्स फाउंडेशन (Gates Foundation) ने अपने आखिरी शेयर बेचने की जानकारी दी, उसी दिन माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) के शेयर थोड़े कमजोर बंद हुए। हालांकि, बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि लंबे समय में कंपनी की स्थिति अभी भी मजबूत बनी हुई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved