
डेस्क। ओटीटी की दुनिया का लोकप्रिय शो ‘पंचायत’ के अगले यानी पांचवें सीजन का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। पिछले साल सीरीज का चौथा सीजन आया था, जिसका अंत एक रोमांचक मोड़ पर हुआ था। इसके बाद से ही फैंस सीरीज के पांचवें सीजन का इंतजार कर रहे हैं। ओटीटी प्लेटफॉर्म ने पिछले महीने शो की आधिकारिक घोषणा की थी। अब शो को लेकर कुछ नई जानकारी सामने आई है।
पिछले महीने अपने आगामी सीजन को लेकर जब प्राइम वीडियो ने घोषणा की थी, तब उसमें ‘पंचायत’ सीजन 5 का नाम भी शामिल था। ‘पंचायत’ का पांचवां सीजन इसी साल 2026 में रिलीज होगा। हालांकि, सीरीज की कंफर्म रिलीज डेट का दर्शक अभी भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लेकिन इतना तय है कि सीरीज इसी साल दर्शकों को देखने को मिलेगी।
पांचवें सीजन में कहानी और भी आगे बढ़ेगी। मेकर्स ने पहले ही इस बात का संकेत दे दिया था कि इस सीजन में चौथे सीजन में अधूरे रह गए सवालों के जवाब मिलेंगे। साथ ही संभव है कि कई ट्विस्ट भी इस बार कहानी में नजर आएंगे।
जानकारी के मुताबिक, इस सीजन में सचिव जी अभिषेक त्रिपाठी को फुलेरा में एक कठिन दौर का सामना करना पड़ेगा। भले ही वो अपने एमबीए के सपनों और भविष्य की करियर योजनाओं पर ध्यान केंद्रित कर रहा हो, लेकिन गांव के अधूरे संघर्ष, यहां की राजनीति और इमोशनल फीलिंग उसे वापस खींचते रहते हैं।
पांचवें सीजन में प्रमुख कास्ट वही रहेगी, जो पिछले चार सीजन में नजर आई है। जितेंद्र कुमार एक बार फिर अभिषेक त्रिपाठी के किरदार में नजर आएंगे। नए सीजन में नीना गुप्ता, रघुबीर यादव, संविका, फैसल मलिक और चंदन रॉय भी अपने-अपने पसंदीदा किरदारों में वापसी करेंगे। सीरीज की कहानी चंदन कुमार ने लिखी है, जबकि इसका निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। पांचवां सीजन भी बाकी चारों सीजन की तरह प्राइम वीडियो पर ही स्ट्रीम करेगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved