
भोपाल: मॉडल और साउथ इंडियन एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार गहराता जा रहा है. अब पीड़ित परिवार ने आरोपी सास गिरीबाला सिंह को मिली अग्रिम जमानत को चुनौती देने का फैसला लिया है. ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने कहा कि उनका परिवार जबलपुर हाईकोर्ट में बेल कैंसिलेशन की याचिका दायर करेगा. परिवार का आरोप है कि उन्हें शुरुआत से ही न्याय पाने में संघर्ष करना पड़ रहा है. साथ ही कहा कि सिस्टम प्रभावशाली लोगों के दबाव में काम कर रहा है.
नवनिधि शर्मा ने कहा कि 12 तारीख को उनकी बेटी से आखिरी बार बात हुई थी और करीब 15 मिनट बाद उसकी मौत की खबर मिली. उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार फोन करने के बावजूद काफी देर तक कॉल रिसीव नहीं की गई. बाद में ट्विशा की सास गिरीबाला सिंह ने मौत की जानकारी दी. परिवार का कहना है कि जब वे घर पहुंचे तो पुलिस ने जीरो एफआईआर तक दर्ज नहीं की और उन्हें कई स्तर पर परेशान किया गया.
परिवार ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर भी सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि रिपोर्ट और मौके की परिस्थितियों में काफी अंतर दिखाई दे रहा है. इसी वजह से उन्होंने दूसरे पोस्टमार्टम यानी पीएम-2 की मांग की, लेकिन उन्हें कोर्ट जाने के लिए कहा गया. ट्विशा की मां रेखा शर्मा ने आरोप लगाया कि केस को दबाने की कोशिश की जा रही है और उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर भी डर है.
परिवार ने प्रधानमंत्री, महिला आयोग और चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया से मामले में हस्तक्षेप की मांग की है. साथ ही जांच को दिल्ली या किसी अन्य स्वतंत्र एजेंसी को सौंपने और एम्स में दोबारा पोस्टमार्टम कराने की अपील की है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved