
नई दिल्ली । असम (Assam) में पासपोर्ट विवाद (Passport Dispute) को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस (Congress) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला (Randeep Singh Surjewala) को गुवाहाटी पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पूछताछ के लिए समन भेजा है। पुलिस ने उन्हें 23 मई को क्राइम ब्रांच थाने में पेश होने के निर्देश दिए हैं।
यह मामला असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा से जुड़े कथित पासपोर्ट विवाद से जुड़ा हुआ है। असम पुलिस इस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और इसी सिलसिले में सुरजेवाला को तलब किया गया है।
इससे पहले कांग्रेस नेता पवन खेड़ा भी जांच एजेंसियों के रडार पर आ चुके हैं। अप्रैल 2026 में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पवन खेड़ा ने आरोप लगाया था कि रिनिकी भुइयां सरमा के पास भारत के अलावा यूएई, मिस्र और एंटीगुआ के भी पासपोर्ट हैं। साथ ही उन्होंने सरमा परिवार पर विदेशों में अघोषित संपत्ति रखने के आरोप भी लगाए थे।
इन आरोपों के बाद रिनिकी भुइयां सरमा ने गुवाहाटी क्राइम ब्रांच में पवन खेड़ा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में धोखाधड़ी, जालसाजी, चुनाव के दौरान भ्रामक बयान देने और मानहानि जैसे आरोप शामिल किए गए।
सुप्रीम कोर्ट से अग्रिम जमानत मिलने के बाद पवन खेड़ा को जांच में शामिल होने के निर्देश दिए गए थे। इसके तहत वे 13 मई 2026 को गुवाहाटी क्राइम ब्रांच के सामने पेश हुए, जहां उनसे पहले दिन 10 घंटे से अधिक पूछताछ की गई। अगले दिन 14 मई को भी उनसे करीब 8 घंटे तक सवाल-जवाब हुए।
अब क्राइम ब्रांच ने पवन खेड़ा को 25 मई 2026 को फिर से पूछताछ के लिए उपस्थित होने का नोटिस जारी किया है। वहीं रणदीप सुरजेवाला को समन मिलने के बाद यह मामला और अधिक राजनीतिक तूल पकड़ता दिखाई दे रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved