
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे (Indian Railways)में सुरक्षा व्यवस्था (Security arrangements)को लेकर एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। झारखंड(Jharkhand) से उत्तर प्रदेश तक खाली वंदे भारत ट्रेन का रैक करीब 463 किलोमीटर तक ऐसे ही दौड़ता रहा जबकि उसके कोचों के ब्रेकिंग सिस्टम (Braking system)काम नहीं कर रहे थे। चौंकाने वाली बात यह है कि रास्ते में लोको पायलटों ने कई बार इस तकनीकी गड़बड़ी की जानकारी अधिकारियों को दी लेकिन इसके बावजूद ट्रेन को रोका नहीं गया। मामला सामने आने के बाद दक्षिण पूर्व रेलवे ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक मानते हुए जांच के आदेश दिए हैं। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई और चेतावनी मिलने के बाद भी ट्रेन को आगे बढ़ाने की अनुमति किसने दी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना 24 अक्टूबर की है। उस समय खाली वंदे भारत चेयर कार रैक को झारखंड के हटिया से उत्तर प्रदेश के झांसी तक पहुंचाया जाना था। इसके लिए एक मालगाड़ी के इंजन का इस्तेमाल किया जा रहा था। रेलवे के निर्धारित नियमों के अनुसार मालगाड़ी के इंजन और वंदे भारत के सभी कोचों के ब्रेकिंग सिस्टम को आपस में जोड़ना जरूरी था ताकि जरूरत पड़ने पर पूरी ट्रेन को सुरक्षित तरीके से रोका जा सके। लेकिन आरोप है कि कर्मचारियों ने दोनों ब्रेकिंग सिस्टम को सही तरीके से जोड़ा ही नहीं। इसके चलते ट्रेन के कोचों के ब्रेक काम नहीं कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार हटिया से रवाना होने के बाद ट्रेन के लोको पायलट ने हटिया और रांची के बीच निर्धारित ब्रेक फील और ब्रेक पावर टेस्ट किया। इस दौरान उसे महसूस हुआ कि ट्रेन की ब्रेकिंग क्षमता बेहद कमजोर है। रांची स्टेशन पहुंचने पर पायलट ने सेक्शन कंट्रोलर और ट्रैक्शन लोको कंट्रोलर सहित संबंधित अधिकारियों को इसकी लिखित शिकायत भी दी। इसके बावजूद तकनीकी समस्या का समाधान किए बिना ट्रेन को आगे बढ़ने दिया गया। इसके बाद मुरी स्टेशन पर दूसरे लोको पायलट ने ट्रेन की जिम्मेदारी संभाली। उसने भी ब्रेकिंग सिस्टम में गड़बड़ी महसूस की। पायलट ने अधिकारियों को बताया कि प्रेशर रिलीज करने के बाद भी ब्रेक ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। लेकिन इस चेतावनी को भी गंभीरता से नहीं लिया गया।
लगातार चेतावनियों के बावजूद ट्रेन का सफर जारी रहा। आखिरकार उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचने पर रेलकर्मियों ने रैक की जांच की। यहां जो स्थिति सामने आई उसने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। जांच में पता चला कि वंदे भारत के सभी कोचों के ब्रेकिंग सिस्टम बंद थे। यानी करीब 463 किलोमीटर तक ट्रेन के डिब्बों में ब्रेक काम ही नहीं कर रहे थे। इस दौरान रैक केवल इंजन के ब्रेक और रीजेनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम के भरोसे आगे बढ़ता रहा।
दक्षिण पूर्व रेलवे ने इस घटना को बेहद गंभीर माना है। रेलवे का कहना है कि पर्याप्त ब्रेकिंग पावर के बिना ट्रेन चलाना बड़े हादसे का कारण बन सकता है। इससे रेलकर्मियों और यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती है और रेल परिचालन की सुरक्षा भी प्रभावित होती है। शुरुआती जांच में कोच एंड वैगन विभाग के रखरखाव कर्मचारियों के साथ संबंधित स्टेशनों के सेक्शन और ट्रैक्शन कंट्रोलर्स तथा ट्रेन संचालन से जुड़े क्रू की भूमिका पर सवाल उठे हैं।
जांच में यह भी पूछा गया है कि रैक रवाना करने से पहले रखरखाव कर्मचारियों ने ब्रेकिंग सिस्टम की भौतिक जांच क्यों नहीं की। इसके अलावा वंदे भारत के आधुनिक ब्रेकिंग सिस्टम की जानकारी ट्रेन संचालन करने वाले कर्मचारियों को कितनी थी यह भी जांच का विषय है। रेलवे ने रांची मंडल के डीआरएम को विस्तृत जांच कर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए हैं। अब जांच रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि इस लापरवाही के पीछे तकनीकी चूक थी या कर्मचारियों की गंभीर अनदेखी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved