img-fluid

पिता बना हैवान! बेटे को पीटकर गर्म रेत पर छोड़ा, मौत के बाद नदी में दफनाया शव

May 28, 2026

औरंगाबाद। बिहार (Bihar) के औरंगाबाद जिले (Aurangabad district) के गोह प्रखंड के उपहारा गांव से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता पर अपने ही 13 वर्षीय बेटे की बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने और शव को नदी किनारे दफनाने का आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले में आरोपी पिता और सौतेली मां को गिरफ्तार कर लिया है और सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।

सौतेली मां से विवाद के बाद बेटे की बेरहमी से पिटाई
घटना उपहारा थाना क्षेत्र के उपहारा गांव की है। मृतक की पहचान राजेश चौधरी उर्फ मुंगड़ी चौधरी के 13 वर्षीय पुत्र खेसरिया कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार घटना के दिन खेसरिया का किसी बात को लेकर अपनी सौतेली मां मंजू देवी से विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि मंजू देवी रिश्ते में मृतक की सगी मौसी भी है। उपहारा थानाध्यक्ष आकाश कुमार ने बताया कि विवाद के बाद मंजू देवी ने अपने पति से शिकायत की। इसके बाद पिता ने बेटे की लाठी-डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी। पिटाई के दौरान खेसरिया गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा, लेकिन आरोपी पिता का दिल नहीं पसीजा।


  • हाथ-पैर बांधकर तपती बालू पर छोड़ा
    पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिटाई के बाद भी आरोपी पिता ने घायल बेटे को इलाज के लिए अस्पताल नहीं पहुंचाया। आरोप है कि उसने बेटे के हाथ-पैर बांधकर घर के पास धूप में तप रही गर्म बालू पर छोड़ दिया। गर्मी और चोट की वजह से उसकी हालत और बिगड़ गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।

    शव को पुनपुन नदी के बालूघाट में दफनाया
    बेटे की मौत के बाद आरोपी पिता शव को औरंगाबाद से करीब 7 किलोमीटर दूर अरवल जिले के बंशी थाना क्षेत्र स्थित पुनपुन नदी के बालूघाट पर ले गया और वहां दफना दिया। पुलिस का मानना है कि शव को ले जाने में बाइक और एक स्कॉर्पियो का इस्तेमाल किया गया।

    ग्रामीणों की सूचना पर खुला मामला
    दाउदनगर एसडीपीओ अशोक कुमार दास ने बताया कि ग्रामीणों से गुप्त सूचना मिली थी कि गांव के ही एक व्यक्ति ने अपने बेटे की हत्या कर शव नदी में दफना दिया है। इसके बाद उपहारा थाना पुलिस ने अरवल जिले की बंशी थाना पुलिस के सहयोग से दंडाधिकारी की मौजूदगी में बालूघाट की खुदाई कर शव बरामद किया। एफएसएल टीम और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल से कई साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

    बहन ने लगाया हत्या का आरोप
    मृतक की बहन मुन्नी कुमारी ने कहा कि मां की मौत के बाद वह ननिहाल में रहती थी। भाई की मौत की खबर मिलने पर गांव पहुंची। उसने आरोप लगाया कि पिता और सौतेली मां अक्सर उसके भाई के साथ मारपीट करते थे। घटना के दिन भी बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उसकी मौत हो गई।

    दादी ने बताया आत्महत्या का मामला
    वहीं मृतक की दादी सोनमतिया देवी ने घटना को आत्महत्या बताया है। उनका कहना है कि घर में ताला नहीं मिलने को लेकर सौतेली मां और खेसरिया के बीच विवाद हुआ था। शिकायत के बाद पिता ने उसकी पिटाई की और हाथ-पैर बांधकर गर्म बालू पर सुला दिया। बाद में वह किसी तरह खुद को छुड़ाकर भूसा घर में गया, जहां उसने फांसी लगा ली।

    पहली पत्नी की हत्या का भी आरोप
    ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपी मुंगड़ी चौधरी ने अपनी पहली पत्नी की भी पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। हालांकि उस समय कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी। बाद में उसने अपनी साली मंजू देवी से दूसरी शादी कर ली थी।

    हत्या, आत्महत्या और शव छिपाने के एंगल से जांच
    एसडीपीओ अशोक कुमार दास ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पिता और सौतेली मां को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। गांव के चौकीदार महबूब आलम के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मारपीट, हत्या, आत्महत्या और शव छिपाने समेत सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

    Share:

  • डीजल की कमी से गर्भवती महिला के लिए नहीं पहुंच पाई एंबुलेंस, बच्चे की मौत

    Thu May 28 , 2026
    मुंबई। महाराष्ट्र (Maharashtra) के हिंगोली जिले (Hingoli district) से एक बेहद दर्दनाक और गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक परिवार ने आरोप लगाया है कि सरकारी एम्बुलेंस समय पर न मिलने और कथित तौर पर डीजल की कमी के कारण गर्भ में ही बच्चे की मौत हो गई। परिवार ने लगाया गंभीर आरोप परिजनों […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved