
नई दिल्ली: मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने के अवसर पर 5 जून से 21 जून तक देशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. विश्व पर्यावरण दिवस से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक चलने वाले इन 17 दिनों के अभियान में केंद्र सरकार अपनी उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने, जनसंपर्क बढ़ाने और विकास कार्यों को सामने रखने की तैयारी में है. लेकिन इन कार्यक्रमों के बीच एक तारीख ऐसी भी है, जो भारतीय राजनीति के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ सकती है. यह तारीख है 9 जून 2026.
क्या है खास?
दरअसल, 9 जून 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में एक ऐसा रिकॉर्ड बनाने जा रहे हैं, जो अब तक देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के नाम दर्ज है. नेहरू ने 14 मई 1952 को पहले आम चुनाव के बाद प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और 27 मई 1964 तक लगातार इस पद पर बने रहे. इस तरह उनका लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल 12 साल और 14 दिन का रहा. आपको बता दें कि 1947 से 1952 तक जवाहर लाल नेहरू मनोनीत प्रधानमंत्री थे. 9 जून 2026 को जवाहर लाल नेहरू के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री के पद पर बने रहने का रिकॉर्ड टूट जाएगा. इस रिकॉर्ड को तोड़ेंगे पीएम मोदी.
पीएम मोदी का कार्यकाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी. इसके बाद 30 मई 2019 को दूसरी बार और 9 जून 2024 को तीसरी बार प्रधानमंत्री बने. इसी क्रम में 9 जून 2026 को मोदी लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 12 साल और 15 दिन पूरे कर लेंगे. इसके साथ ही वे लोकतांत्रिक चुनावों के माध्यम से लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री बने रहने का नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे. दिलचस्प बात यह है कि 9 जून 2024 को नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और ठीक दो साल बाद उसी तारीख को वो यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर सकते हैं. ऐसे में 9 जून का दिन बीजेपी और एनडीए के लिए राजनीतिक और प्रतीकात्मक दोनों दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
क्या है बीजेपी की तैयारी?
सूत्रों के अनुसार, सरकार और बीजेपी इस अवसर को विशेष रूप से चिह्नित करने की तैयारी में हैं. हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है, लेकिन पार्टी और सरकार के स्तर पर इस दिन को लेकर विशेष आयोजन की चर्चाएं हैं. इसी दौरान केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार की संभावनाओं को लेकर भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है. मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने के उत्सव के बीच 9 जून 2026 केवल एक तारीख नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक संभावित रिकॉर्ड दिवस के रूप में देखा जा रहा है. एक ओर सरकार अपनी उपलब्धियों का लेखा-जोखा जनता के सामने रखेगी, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का नया कीर्तिमान स्थापित कर सकते हैं.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved