
नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हुई कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने 6 जून को भारत लौटकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने का ऐलान किया है. दिपके ने कहा है कि वो केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू करेंगे.
अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में कहा कि देशभर के छात्रों और युवाओं को अब एकजुट होकर अपनी आवाज उठानी चाहिए. उन्होंने दावा किया कि हाल के वर्षों में कई परीक्षा विवादों और गड़बड़ियों की वजह से लाखों छात्रों के भविष्य पर असर पड़ा है. इसी वजह से वो भारत लौटकर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करना चाहते हैं.
क्या है दिपके का प्लान?
दिपके ने बताया कि वो 6 जून की सुबह दिल्ली पहुंचेंगे. उन्होंने अपने समर्थकों से एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने और उसके बाद संसद मार्ग थाना जाकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति मांगने की अपील की है. उनका कहना है कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और संवैधानिक दायरे में रहेगा. अपने वीडियो संदेश में दिपके ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विवादों ने छात्रों में चिंता और असुरक्षा बढ़ाई है. उन्होंने आरोप लगाया कि एग्जाम प्रोसेस में बार-बार सामने आ रही समस्याओं के लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए. इसी आधार पर उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved