लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी (Severe heat in Uttar Pradesh) से फिलहाल पूरी राहत भले न मिले, लेकिन मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने जा रहा है। मौसम विभाग (Weather Department) के अनुसार चार जून से प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में देखने को मिलेगा। इसके चलते तेज आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पश्चिमी यूपी के करीब 20 जिलों में मौसम अचानक करवट ले सकता है। खासकर सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत और मेरठ में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
बीते दो दिनों में प्रदेश के कई जिलों में तापमान में बढ़ोतरी देखी गई है। बुधवार को करीब 10 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। बस्ती 42 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रिकॉर्ड किया गया।
पूर्वी और मध्य यूपी में भी असर संभव
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पांच और छह जून को इस पश्चिमी विक्षोभ का असर मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश तक भी फैल सकता है। ऐसे में इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है।
इन जिलों में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद और संभल समेत आसपास के इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved