
इंदौर। नगर निगम, नगर परिषद और पंचायत चुनावों की तैयारियों के बीच निर्वाचन विभाग ने मतदाता सूची को अंतिम रूप देने की कवायद तेज कर दी है। जिले में जिन लोगों के नाम अब तक मतदाता सूची में नहीं जुड़े हैं या जिनके नाम, पते और अन्य विवरणों में त्रुटियां हैं, उनके लिए 15 जून दोपहर 3 बजे तक ही मौका दिया गया है। इसके बाद नए दावे-आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएंगी और अंतिम मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
हाल ही में हुई एसआईआर प्रक्रिया के बावजूद यदि किसी मतदाता का नाम सूची से छूट गया हो या ऐसे युवा, जो हाल ही में 18 साल की उम्र पास कर चुके हैं, उन्हें मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया बीएलओ के माध्यम से की जा रही है। निर्वाचन अधिकारियों का कहना है कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नए मतदाता, हाल ही में दूसरे क्षेत्र से आए नागरिक और जिनके नाम सूची से छूट गए हैं, वे 15 जून तक आवेदन कर सकते हैं। वहीं जो नए मतदाता जोड़े गए थे उनके परिचय पत्र छप चुके हैं।
3 लाख मतदाता परिचय पत्र तैयार
मतदाताओं की सुविधा के लिए निर्वाचन विभाग ने करीब 3 लाख मतदाता परिचय पत्र छपवा लिए हैं। अब इन्हें डाक विभाग के जरिए सीधे मतदाताओं के घर पहुंचाया जाएगा। विभाग द्वारा तहसीलवार इनका वितरण किया जा रहा है। छंटनी होने के बाद डाक विभाग को जिम्मेदारी सौंप दी जाएगी और मतदाता घर-घर पहुंचकर परिचय पत्र डिलीवर करेंगे।
25 जून तक निपटेंगी आपत्तियां
राज्य निर्वाचन आयोग के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 15 जून तक प्राप्त सभी दावे-आपत्तियों का निराकरण 25 जून तक किया जाएगा। इसके बाद 30 जून तक रिकॉर्ड ऑनलाइन अपडेट होंगे और जुलाई के पहले सप्ताह में त्रुटि सुधार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सभी दावे-आपत्तियों के निराकरण के बाद 9 जुलाई को फोटोयुक्त और फोटोरहित अंतिम मतदाता सूची तैयार होगी। 10 जुलाई तक इसे वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा, जबकि 18 जुलाई को इसका सार्वजनिक प्रकाशन किया जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved