
इंदौर। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर यात्री सुविधा में एक बड़ी कमी सामने आई है। बारिश के दौरान एयरपोर्ट पर जाने वाले यात्री अगर पार्किंग में अपनी कार पार्क करते हैं तो उन्हें भीगते हुए टर्मिनल तक आना पड़ता हैं। इससे बचने के लिए यात्री पार्किंग से टर्मिनल तक जाने के लिए टैक्सी तक बुक कर रहे हैं। हाल ही में एक यात्री ने सोशल मीडिया पर यह शिकायत करते हुए पार्किंग से टर्मिनल तक यात्रियों के आने-जाने के लिए शेड बनाने की मांग की है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक यात्री तरुण सुराना ने एयरपोर्ट प्रबंधन को टैग करते हुए लिखा है कि कृपया कार पार्किंग से टर्मिनल तक फुटपाथ पर शेड बनाने के प्रोजेक्ट पर काम करें। बारिश के दौरान कार पार्किंग से टर्मिनल तक और वापस जाने में भीगने से बचने का कोई विकल्प नहीं है, जब तक कि आप छाता साथ न रखें, फिलहाल तो पार्किंग से टर्मिनल तक पहुंचने के लिए टैक्सी बुक करनी पड़ी। यात्री की ये शिकायत एयरपोर्ट पर यात्रियों को दी जाने वाली बुनियादी सुविधाओं की बड़ी कमी दर्शाती है, क्योंकि एयरपोर्ट पर आने वाला हर यात्री अपने साथ छाता नहीं रखता, अगर उसकी कार में छाता है भी और उसे फ्लाइट लेना है तो उसे छाता भी अपने साथ फ्लाइट में ले जाना पड़ेगा।
एयरपोर्ट का सरकारी जवाब, भविष्य की योजनाओं में विचार करेंगे
यात्रियों की इस शिकायत पर एयरपोर्ट प्रबंधन ने त्वरित समाधान के बजाए सरकारी सा जवाब दिया है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने लिखा कि आपके महत्वपूर्ण सुझाव के लिए धन्यवाद। इंदौर एयरपोर्ट पर आपकी यात्रा के दौरान हुई असुविधा के लिए हमें खेद है। आपकी प्रतिक्रिया को नोट कर लिया गया है और भविष्य में आधारभूत संरचना विकास योजनाओं में विचार के लिए संबंधित विभाग को भेज दिया गया है।
बारिश के साथ धूप में भी होती है परेशानी
यात्रियों का कहना है कि अगर पार्किंग से टर्मिनल के बीच फुटपाथ पर शेड लगाया जाता है तो इससे बारिश के साथ ही धूप से बचने में भी यात्रियों को काफी सुविधा होगी। अक्सर ऐसी ही परेशानी से बचने के लिए यात्री या उन्हें लेने या छोडऩे आने वाले परिजन टर्मिनल के सामने ही गाड़ी पार्क कर देते हैं, जिससे यहां जाम और अव्यवस्था की स्थिति भी बनती है।
छाता हो तब भी साथ ले जाने में परेशानी
यात्रियों का कहना है कि बारिश में सिर्फ पार्किंग से टर्मिनल तक आने के लिए अगर कार में छाता हो तब भी उसे लेकर जाना परेशानी भरा है, क्योंकि यात्रियों को आगे फ्लाइट में सवार होना होता है। ऐसे में गीला छाता वे अपने सामान में भी नहीं रख सकते हैं। कई छाते आगे से नुकीले होने के कारण फ्लाइट में ले जाने पर रोक तक दिए जाते हैं। ऐसे में यात्रियों को अपना छाता एयरपोर्ट पर ही छोडक़र जाना पड़ता है। शेड लगने से इन सारी परेशानियों से मुक्ति मिल सकती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved