
जबलपुर। आगामी मानसून के दौरान नागरिकों को जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए नगर निगम द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा है। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने बैठक आयोजित कर सभी विभागीय प्रमुखों को शहर में 15 दिवसीय महास्वच्छता अभियान चलाने निर्देश दिये। बैठक में उन्होंने सभी से कहा कि अब 15 दिन नाला-नालियों एवं कंजरवेंसियों की बेहतर सफाई के लिए स्वच्छता का महाअभियान चलेगा। जिसकी निगरानी प्रतिदिन अपर आयुक्त अरविन्द शाह, देवेन्द्र सिंह चैहान, व्ही.एन. बाजपेयी एवं अशफाक परवेज कुरैशी करेगें। निगमायुक्त ने वर्षाऋतु के दौरान वर्षाजल निकासी की व्यवस्था और जल को संचय करने की जिम्मेदारी बैठक के दौरान स्वास्थ्य, भवन, अतिक्रमण, उद्यान, विद्युत, फायर और लोककर्म विभाग के सभी संबंधित अधिकारियों को दी।
उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि सभी लोग आपसी तालमेल के साथ संयुक्त रूप से काम करें और बेहतर व्यवस्थाएॅं सुनिश्चित करें। बैठक में नागरिकों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के त्वरित निवारण पर भी विशेष जोर दिया गया। निगमायुक्त ने कहा कि मानसून में किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए शहर के सभी जर्जर भवनों की सूची पूर्ण कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें। निगमायुक्त ने नागरिकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि तीन दिन के भीतर सी.एम. हेल्पलाइन के सभी लंबित प्रकरणों का नागरिकों की संतुष्टि के साथ निराकरण किया जाए। उन्होंने यह भी कहा है कि कहीं भी जलभराव की स्थिति निर्मित न हो इसकी पूरी व्यवस्थाएॅं सभी संबंधित अधिकारी एक सप्ताह के अंदर सुनिश्चित करें। उन्होंने बैठक के अंत में सभी को यह भी निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में जल भराव की स्थिति निर्मित होगी उन क्षेत्रों के सभी संबंधित अधिाकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी। बैठक में अपर आयुक्त अरविंद शाह, व्हीएन बाजपेई, अशफाक परवेज कुरैशी, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, उपायुक्त संभव अयाची सहित कार्यपालन यंत्री और सभी विभागीय प्रमुख उपस्थित रहे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved