
खंडवा। ओंकारेश्वर के कोठी हेलीपैड क्षेत्र स्थित नहर में नहाने के दौरान डूबे तीन मजदूरों की मौत हो गई। गुरुवार शाम तीसरे मजदूर का शव भी बरामद कर लिया गया, जिसके बाद इस दर्दनाक हादसे में मृतकों की संख्या तीन हो गई है। तीनों युवक ओंकारेश्वर-मोरटक्का निर्माणाधीन सड़क परियोजना में कार्यरत थे। मांधाता थाना पुलिस के अनुसार निर्माण कंपनी में डंपर चालक रामचरण (53) निवासी खेरदा, जिला खरगोन ने घटना की सूचना दी थी।
उन्होंने बताया कि उनके साथी कर्मचारी सुनील साहू, भगवानदास साहू और अनिकेत यादव 10 जून की शाम को कोठी नहर में स्नान करने गए थे। जब अगले दिन तीनों श्रमिक कैंप में वापस नहीं लौटे तो सहकर्मियों ने उनकी तलाश शुरू की। नहर किनारे तीनों के कपड़े और अन्य सामान मिलने के बाद उनके डूबने की आशंका जताई गई।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बचाव दल ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तलाशी के दौरान सुनील साहू (20 वर्ष) निवासी सीधी और अनिकेत यादव (लगभग 25 वर्ष) निवासी गोपालगंज, बिहार के शव घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर बरामद किए गए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था, जबकि तीसरे युवक की तलाश लगातार जारी थी।
काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद गुरुवार शाम करीब 5 बजे भगवानदास साहू (20 वर्ष) का शव भी घटनास्थल से लगभग 300 मीटर दूर नहर में मिला। इसके साथ ही तीनों मजदूरों के शव बरामद कर लिए गए। हादसे के बाद निर्माण परियोजना में कार्यरत श्रमिकों और मृतकों के परिजनों में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved