
राजौरी। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। नियमित गश्त के दौरान अचानक हुए ग्रेनेड विस्फोट में भारतीय सेना के एक जूनियर कमीशंड अधिकारी (JCO) समेत 4 जवान घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, यह घटना राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में हुई। नियंत्रण रेखा पर तैनात कुमाऊं रेजिमेंट की एक टुकड़ी नियमित गश्त और निगरानी अभियान पर थी। इसी दौरान एक मल्टी मोड ग्रेनेड अचानक फट गया, जिससे एक JCO और 3 जवान घायल हो गए।
सूत्रों के मुताबिक, सैनिक संवेदनशील सीमा क्षेत्र में सामान्य निगरानी और सुरक्षा ड्यूटी के तहत अग्रिम इलाके में आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान अचानक ग्रेनेड में विस्फोट हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद अन्य सैनिकों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायल सैनिकों को तुरंत घटनास्थल से निकालकर नजदीकी चिकित्सा केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सेना के अधिकारियों की ओर से घटना के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल सभी घायल सैनिकों की हालत पर नजर रखी जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved