
जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र स्थित डॉ. भंडारी अस्पताल के पास राजुल डुप्लेक्स में संचालित ब्यूटी पार्लर में सोमवार दोपहर हुए सनसनीखेज गोलीकांड की जांच में नया खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला ब्यूटी पार्लर संचालिका और उसके बिजनेस पार्टनर की मौत जिस पिस्टल से हुई, वह अवैध थी। पुलिस अब हथियार के स्रोत और आरोपी तक उसके पहुंचने के पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। मंगलवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद आरोपी युवक का शव परिजन उत्तर प्रदेश के लखनऊ ले गए, जबकि महिला का अंतिम संस्कार जबलपुर में किया गया।
पार्लर शिफ्ट करने की तैयारी के बीच पहुंचा दीपेश
पुलिस जांच में सामने आया है कि सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे शक्ति कोहली अपनी सहयोगी तमन्ना के साथ पार्लर का सामान समेटने और उसे दूसरी जगह शिफ्ट करने की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान दीपेश राठौर वहां पहुंच गया। प्रत्यक्ष परिस्थितियों के अनुसार दीपेश और शक्ति पार्लर के अंदर चले गए और दरवाजा बंद कर लिया, जबकि तमन्ना बाहर मौजूद थी। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखा विवाद हुआ।
कुछ सेकंड में चली गोलियां खत्म हो गई दो जिंदगियां
विवाद बढऩे के बाद दीपेश ने पिस्टल निकाल ली। पुलिस के मुताबिक उसने पहले शक्ति कोहली पर गोली चलाई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद दीपेश ने उसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही गोरखपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कई पहलुओं पर जांच जारी
पुलिस मामले को केवल हत्या और आत्महत्या के कोण से ही नहीं, बल्कि व्यावसायिक विवाद, व्यक्तिगत संबंधों और अवैध हथियारों के नेटवर्क से जोड़कर भी जांच कर रही है। मौके से मिले साक्ष्य, मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved