
इंदौर। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) 18 से 21 जून तक मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) के दौरे पर रहेंगी। अपने दौरे के पहले दिन 18 जून को राष्ट्रपति इंदौर (Indore) पहुंचेंगी, जहां से वे सीधे ओंकारेश्वर के लिए रवाना होंगी। इस दौरान वे भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में भी शामिल होंगी, जिसे लेकर इंदौर जिला प्रशासन पुलिस और राष्ट्रीय सिक्योरिटी एजेंसियों ने संभावित स्थलों का दौरा किया।
राष्ट्रपति द्रोपती मुर्मू के प्रस्तावित दौरे को लेकर इंदौर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे के लिए निर्धारित एसओपी, सुरक्षा प्रोटोकॉल और सभी मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। दौरे से पूर्व केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा रिहर्सल भी किया गया, जिसमें राष्ट्रपति के आगमन से लेकर उनके आवागमन मार्ग और कार्यक्रम स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का परीक्षण किया गया।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि राष्ट्रपति की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए थ्री लेयर सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। साथ ही प्रोटोकॉल के तहत निर्धारित क्षेत्रों और इंदौर के देवी अहिल्या बाई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पांच किलोमीटर इलाके को नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है, जहां ड्रोन अथवा अन्य उड़ने वाली वस्तुओं के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन का दावा है कि राष्ट्रपति के दौरे को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved