पटना। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेज प्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) ने अपने सरकारी आवास से नकदी और कीमती सामान चोरी होने का आरोप लगाते हुए पटना के सचिवालय थाना में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपने निजी सहायक मोतीलाल राय (Motilal Roy) पर घटना में संलिप्त होने का संदेह जताया है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 22 जून को आवास स्थित कमरे की अलमारी की जांच के दौरान कई सामान गायब पाए गए। तेज प्रताप यादव का दावा है कि अलमारी से करीब 20 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लापता हैं।
पुलिस को दिए आवेदन में बताया गया है कि गायब सामानों में लगभग 20 लाख रुपये नकद, दो तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, चार नए ड्रोन, दो हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक, एक लेनोवो लैपटॉप और चार आईफोन 17 प्रो मैक्स मोबाइल फोन शामिल हैं।
तेज प्रताप यादव ने दावा किया है कि चोरी हुई नकदी पार्टी फंड से संबंधित राशि थी, जिसे आवास पर रखा गया था।
शिकायत में तेज प्रताप यादव ने अपने करीबी सहयोगी और निजी सहायक मोतीलाल राय पर चोरी करने का आरोप लगाया है। आवेदन के मुताबिक, घटना वाली रात करीब 11:30 बजे दो लोगों ने कथित तौर पर मोतीलाल राय को एक बैग के साथ आवास की बाउंड्री पार कर बाहर जाते हुए देखा था।
राजद नेता ने इन दोनों व्यक्तियों को मामले का प्रत्यक्षदर्शी गवाह बताया है और उनके बयान दर्ज किए जाने की मांग की है।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। जांच के दौरान साक्ष्य जुटाए जाएंगे और उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने किसी भी आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि चोरी की घटना कैसे हुई और इसमें किसकी भूमिका रही।
तेज प्रताप यादव ने पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करने, आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा चोरी गए नकद और अन्य सामान की बरामदगी की मांग की है। इस मामले ने बिहार की राजनीतिक हलकों में भी चर्चा का विषय बना दिया है, जबकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved