
तिरुवनंतपुरम । मुख्यमंत्री वीडी सतीशन (Chief Minister VD Sateeshan) ने कहा कि नशे के खिलाफ केरल के ‘ऑपरेशन तूफान’ (Kerala’s ‘Operation Toofan’ against Drugs) में पड़ोसी राज्य भी सहभागी बनें (Neighboring States should also Join) । उन्होंने अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी नेटवर्क को खत्म करने के लिए पड़ोसी राज्यों से सहयोग बढ़ाने की अपील की ।
केरल के सीएम सतीशन ने कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी के मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई को सफल बनाने के लिए रियल-टाइम इंटेलिजेंस शेयरिंग, संयुक्त ऑपरेशन और समन्वित रणनीति बेहद जरूरी है। उन्होंने इस पूरे मुद्दे पर एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाने का भी प्रस्ताव दिया, ताकि एक संयुक्त कार्ययोजना बनाई जा सके। राज्य के गृह मंत्री रमेश चेनिथला के नेतृत्व में, राज्य पुलिस प्रमुख और टैक्टिकल कमांडर, कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी के पुलिस प्रमुखों और गृह विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे ताकि राज्यों के बीच ड्रग तस्करी के खिलाफ मिलकर की जा रही कोशिशों को मजबूत किया जा सके।
बता दें कि ‘ऑपरेशन तूफान’ केरल सरकार और केरल पुलिस का एक बड़ा राज्यव्यापी अभियान है, जिसका मकसद संगठित नशा नेटवर्क को खत्म करना और युवाओं को नशे से बचाना है। यह अभियान तीन मुख्य हिस्सों पर आधारित है। पहला हिस्सा तूफान स्ट्राइक है, जिसके तहत पुलिस और एक्साइज विभाग मिलकर सख्त कार्रवाई, छापेमारी और खुफिया जानकारी के आधार पर ऑपरेशन चला रहे हैं। इसमें छिपे हुए ड्रग नेटवर्क, डार्क वेब के जरिए होने वाली बिक्री और अंतर-राज्यीय तस्करी को निशाना बनाया जा रहा है।
दूसरा हिस्सा तूफान वॉरियर है, जिसके तहत स्कूलों, कॉलेजों और समुदायों में बड़े स्तर पर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। तीसरा हिस्सा तूफान केयर है, जिसमें नशे की लत से जूझ रहे लोगों के लिए इलाज और काउंसलिंग की सुविधा दी जा रही है, ताकि उन्हें समाज की मुख्यधारा में वापस लाया जा सके। केरल के सीएम सतीशन ने अपने संदेश में कहा कि केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी की पुलिस और गृह विभागों के वरिष्ठ अधिकारी जल्द बैठक करेंगे, जिससे ड्रग तस्करी के खिलाफ संयुक्त रणनीति और मजबूत की जा सके।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved