
सागर। सागर में सोशल मीडिया पर रील और वीडियो बनाने वाले तीन बुंदेली कंटेंट क्रिएटरों के खिलाफ पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोप है कि इन युवाओं द्वारा बनाए गए एक वीडियो में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का घोर अपमान किया गया है, साथ ही वीडियो के बैकग्राउंड में अश्लील गाना भी बजाया गया है। वीडियो वायरल होने के बाद से ही स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स में भारी आक्रोश देखा जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक, मामला सागर जिले का है जहां सोशल मीडिया पर बुंदेली भाषा और संस्कृति से जुड़ा कंटेंट बनाने वाले विशाल बांदरी, रानू रैकवार और आदित्य ठाकुर कानूनी शिकंजे में फंस गए हैं। तीनों ने मिलकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो अपलोड किया था। इस वीडियो को देखने के बाद कुछ सजग नागरिकों और संगठनों ने आपत्ति जताई। शिकायत में कहा गया कि मनोरंजन के नाम पर बनाए गए इस वीडियो में न सिर्फ राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा को ठेस पहुंचाई गई, बल्कि पृष्ठभूमि में बेहद आपत्तिजनक और अश्लील गाना भी इस्तेमाल किया गया।
मामले की संवेदनशीलता और राष्ट्रीय गौरव से जुड़े होने के कारण सागर पुलिस ने त्वरित संज्ञान लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत और गंभीर धाराओं के तहत आपराधिक मामला पंजीकृत कर लिया है। इस मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो को कब्जे में लेकर उसकी तकनीकी जांच की जा रही है।
वीडियो कब और कहां शूट किया गया, इसके पीछे क्या मंशा थी, इन सभी बिंदुओं पर बारीकी से तफ्तीश जारी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की वैधानिक और दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वीडियो के वायरल होते ही इंटरनेट पर यूजर्स ने ऐसे कंटेंट क्रिएटर्स को आड़े हाथों लेना शुरू कर दिया है। लोगों का कहना है कि व्यूज और लाइक्स पाने की होड़ में इस तरह की अश्लीलता और राष्ट्रध्वज का अनादर कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों से पूछताछ की तैयारी की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved