श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रेलवे ट्रैक (railway track) पर हुए विस्फोट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राजस्थान एटीएस (ATS) और श्रीगंगानगर पुलिस (Sri Ganganagar Police) ने पंजाब पुलिस के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गुरदासपुर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय महकदीप कौर और 23 वर्षीय देवेंद्र सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों रेलवे ट्रैक पर विस्फोट की वारदात में शामिल थे। जांच में पाकिस्तान कनेक्शन भी सामने आया है, जिसके आधार पर सुरक्षा एजेंसियां पड़ताल कर रही हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्थान पुलिस के एडीजी दिनेश एमएन स्वयं गुरदासपुर पहुंचे थे। उन्होंने पंजाब पुलिस के साथ समन्वय कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए गए अभियान की निगरानी की।
तीन नवंबर को रेलवे ट्रैक पर हुआ था विस्फोट
श्रीगंगानगर जिले में तीन नवंबर को अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर गांव 50 जीबी के पास रेलवे ट्रैक पर विस्फोट हुआ था। धमाके से रेलवे पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो से तीन स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए थे। विस्फोट इतना तेज था कि स्लीपर के अंदर लगा सरिया बाहर निकल आया और रेलवे लाइन के क्लिप भी पटरी से अलग हो गए थे।
जानकारी के अनुसार, अनूपगढ़ से सूरतगढ़ जाने वाली ट्रेन के गुजरने के कुछ देर बाद यह धमाका हुआ था। आशंका जताई गई थी कि अनूपगढ़ से बठिंडा जाने वाली ट्रेन को निशाना बनाने के लिए विस्फोट की साजिश रची गई थी। घटना की सूचना मिलते ही श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक हरि शंकर मौके पर पहुंचे थे और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए थे।
पाकिस्तान कनेक्शन और फंडिंग की पड़ताल
दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि रेलवे ट्रैक पर विस्फोट की साजिश किसने रची थी। आरोपियों को हथियार और धनराशि किसने उपलब्ध कराई तथा इस नेटवर्क के तार किन लोगों और संगठनों से जुड़े हैं, इसकी भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मामले में पाकिस्तान कनेक्शन सामने आया है। सुरक्षा एजेंसियां इस पहलू को ध्यान में रखते हुए आरोपियों से पूछताछ कर रही हैं और विस्फोट के पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved